July 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

क्या करने वाले हैं शरद पवार?, बेटी सुप्रिया विपक्ष की बैठक में नहीं जाएंगी, दो हफ्ते की चुप्पी का भी एलान

मुंबई। शरद पवार के बारे में लग रही अटकलों के बीच ताजा खबर उनकी सांसद बेटी सुप्रिया सुले के बारे में आई है। खबर है कि सोमवार को विपक्ष के इंडी गठबंधन की बैठक में सुप्रिया सुले हिस्सा नहीं लेगीं। इससे पहले सुप्रिया सुले ने गले में दिक्कत की बात कहकर अगले दो हफ्ते तक किसी से बातचीत न करने की जानकारी सोशल मीडिया से दी थी। सुप्रिया सुले ने बताया था कि डॉक्टर को उनके गले में सूजन मिली है और उन्होंने दो हफ्ते तक गले को आराम देने के लिए कहा है। ऐसे में चर्चा हो रही है कि शरद पवार क्या करने वाले हैं?

हालांकि, सुप्रिया सुले ने पिछले दिनों ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने उस वक्त उन अटकलों को गलत बताया था कि शरद पवार का एनसीपी खेमा एनडीए का हिस्सा बनने वाला है। सुप्रिया सुले ने परिसीमन बिल के बारे में भी कहा था कि उनकी पार्टी की राय है कि राज्यों की लोकसभा सीटों की संख्या में भी 50 फीसदी की बढ़ोतरी हो। अगर बिल में ये प्रावधान किया जाता है, तो शरद पवार की पार्टी एनसीपी-एसपी परिसीमन बिल पर विचार कर सकती है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद से ही चर्चा तेज हुई कि शरद पवार की पार्टी के 8 सांसद लोकसभा में और 1 राज्यसभा में परिसीमन बिल का समर्थन कर सकते हैं।

उधर, शरद पवार भी एनडीए के नेताओं से मुलाकात के कारण चर्चा में रहे हैं। शरद पवार ने बीते दिनों शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी। शरद की पार्टी के नेता जयंत पाटिल और जीतेंद्र आव्हाड ने सीएम देवेंद्र फडणवीस से बंद कमरे में करीब 40 मिनट बैठक की। शरद पवार और उनकी पार्टी के नेताओं की इन बैठकों के कारण तमाम कयास लग रहे हैं। संसद का मॉनसून सत्र सोमवार 20 जुलाई से है। ऐसे में सबकी नजर इस पर है कि शरद पवार क्या कोई गुल खिलाकर विपक्षी खेमे को झटका देंगे? क्योंकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी परिसीमन बिल की घोर मुखालिफत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *