अमेरिका ने 23 सितंबर से दुनियाभर में ईरान की एयरलाइंस पर रोक का किया एलान, ईंधन और लैंडिंग सुविधा देने वालों को डॉलर वाली वित्तीय प्रणाली से करेगा बाहर
वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अब अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि 23 सितंबर से ईरानी एयरलाइंस का संचालन पूरी दुनिया में ठप करा दिया जाएगा। बेसेंट ने कहा कि अगर ईरान के विमान कहीं लैंड करते हैं, तो उनको कोई भी ईंधन नहीं दे सकेगा। इसके अलावा ईरान की एयरलाइंस के विमानों को लैंडिंग सेवा और उनके टिकटों की बिक्री भी नहीं करा सकेंगे। बेसेंट ने चेतावनी दी कि अगर कोई देश, एयरपोर्ट या कंपनी ईरान के विमानों को किसी भी तरह से मदद देंगे, तो उसे तुरंत डॉलर आधारित वित्तीय प्रणाली से बाहर किया जाएगा।
बेसेंट की इस चेतावनी से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज से बातचीत करते हुए कहा था कि वो इस पर विचार कर रहे हैं कि ईरान को पूरी तरह नष्ट किया जाए या उसकी अर्थव्यवस्था को ही खत्म कर दिया जाए। ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान की केंद्रीय सैन्य कमान ने चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका ने कोई नई सैन्य कार्रवाई शुरू की, तो पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिका के ठिकानों पर ऐसे हमले किए जाएंगे जो दर्दनाक नतीजे देंगे। ईरान की सेना ने ये भी कहा था कि अगर अमेरिका ने कोई गलती की, तो बिना विचार के जवाबी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के मुताबिक होर्मुज में अज्ञात मिसाइल या ड्रोन से एक तेल टैंकर पर हमला हुआ। जिसमें जहाज के चालक दल के दो सदस्य घायल हुए हैं।
अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर 28 फरवरी 2026 को ईरान पर हमले शुरू किए थे। पहले हमले में ही अमेरिका और इजरायल ने ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की जान ली थी। जिसके बाद ईरान की सेना भी ताल ठोककर मैदान में उतरी। ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर जोरदार हमले कर तबाही मचाई। दोनों पक्षों में 39 दिन तक युद्ध चला। फिर ट्रंप ने युद्धविराम का एलान किया। तमाम बातचीत के बाद ईरान और अमेरिका ने शांति समझौते के एमओयू पर दस्तखत भी किए, लेकिन होर्मुज में जहाजों पर ईरान के हमलों के बाद अमेरिका ने भी इस्लामी देश पर कई दिन जोरदार बमबारी की। जिसका जवाब ईरान ने मिसाइलों और ड्रोन से दिया। फिलहाल ऐसे हमले रुक गए हैं, लेकिन दोनों में तनाव जारी है।
