शहबाज शरीफ को न्यूयॉर्क में झेलनी पड़ी भयंकर बेइज्जती, पीटीआई समर्थकों ने ‘चोर आया’ लिखे पोस्टर लगाए
नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ न्यूयॉर्क में कुछ ऐसा हो गया जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। शहबाज शरीफ को अपने ही देश के लोगों के भयंकर विरोध का सामना करना पड़ा। शहबाज शरीफ संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क पहुंचे तो इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के समर्थकों ने उनके रास्ते में चोर आया लिखे हुए पोस्टर लगा दिए। पोस्टर में यह भी लिखा है कि चोरों की सरकार नामंजूर है। इतना ही नहीं पोस्टर पर एक आलीशान विमान की तस्वीर भी तंज स्वरूप छापी गई है जो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के लिए खरीदा गया है।
पीटीआई समर्थकों ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल से रिहाई की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। इससे पहले जब शहबाज शरीफ का प्लेन न्यूयॉर्क के हवाईअड्डे पर लैंड हुआ तो वहां पर उनके स्वागत के लिए न तो रेड कार्पेट बिछी थी और न ही ट्रंप प्रशासन का कोई बड़ा कोई बड़ा अधिकारी उनको रिसीव करने पहुंचा। न्यूयॉर्क में पाकिस्तानी-अमेरिकी समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान की सरकार को फर्जी जनादेश से बनी ‘फॉर्म 47’ सरकार का प्रधानमंत्री करार दिया।
आपको बता दें कि एक तरफ तो पाकिस्तान की आर्थिक हालत खस्ता है, महंगाई चरम पर है वहीं दूसरी तरफ इसी साल फरवरी में मरियम नवाज के लिए 12 अरब पाकिस्तानी रुपये का विमान खरीदा गया था। आपको बता दें कि न्यूयॉर्क में यूनाइटेड नेशंस हेडक्वॉर्टर में 81वीं यूएन जनरल असेंबली की बैठक के लिए दुनियाभर के कई बड़े नेता पहुंचे हैं। लगभग 130 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार के प्रमुख इसमें शामिल होंगे। सभी 193 सदस्य देशों के रिप्रेजेंटेटिव्स इसमें शिरकत करेंगे। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में तमाम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
