एनसीपी के दोनों धड़े क्या एक होंगे?, शरद पवार ने इस सवाल का दिया ये जवाब
बारामती। एनसीपी के दोनों धड़ों के एक होने की अटकलों के बारे में वरिष्ठ नेता शरद पवार का बयान आया है। शरद पवार ने स्वर्गीय अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा के डिप्टी सीएम बनने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि एनसीपी के दोनों धड़ों के एक होने के बारे में अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच बातचीत चल रही थी। शरद पवार ने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस की तरफ से एनसीपी के मामले में बयान पर नाराजगी भी जताई। शरद पवार ने कहा कि अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच बातचीत में फडणवीस शामिल नहीं थे। उनको ऐसे में कुछ कहने का क्या अधिकार है?
एनसीपी के धड़ों के एकजुट होने के बारे मे शरद पवार ने कहा कि मौजूदा हालात में हमारा फोकस सभी की देखभाल और शोकाकुल लोगों को लेकर आगे बढ़ने का है। शरद पवार ने कहा कि फिलहाल राजनीतिक मामलों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। शरद पवार के बयान पर ये साफ हो गया है कि फिलहाल उनके और सुनेत्रा पवार के एनसीपी गुट अलग-अलग ही रहने वाले हैं। इससे पहले महाराष्ट्र के सीएम और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि अगर अजित पवार एनसीपी की एकजुटता की दिशा में काम कर रहे होते, तो उन्होंने इस बारे में मुझे जरूर जानकारी दी होती। एनसीपी के दोनों धड़ों के एक होने की अटकलें और तेज हुई थीं, जब पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम चुनाव के लिए अजित पवार और शरद पवार ने हाथ मिलाए थे।
अजित पवार ने चाचा शरद पवार से बगावत कर एनसीपी में टूट कराई थी। जिसके बाद ज्यादातर विधायक और सांसद अजित पवार के पक्ष में आ गए थे। इसका सबूत दिए जाने पर चुनाव आयोग ने भी अजित पवार को असली एनसीपी अध्यक्ष मान लिया था। एनसीपी का घड़ी चुनाव चिन्ह भी अजित पवार को मिल गया था। शरद पवार ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल कर रखी है। अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती जाते वक्त प्लेन क्रैश में निधन हो गया। जिसके बाद लग रहा था कि अब एनसीपी फिर शरद पवार के पास चली जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और सुनेत्रा पवार को एनसीपी की कमान सौंपकर उनको पार्टी ने महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया।
