पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण के बिना ही लोकसभा से पास हुआ धन्यवाद प्रस्ताव, आखिर क्यों हुआ ऐसा?
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के सातवें दिन आज भी दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा जारी है। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण के बिना ही पास हो गया। प्रधानमंत्री के भाषण न दिए जाने को लेकर कारण भी सामने आ गया है। टीवी9 ने लोकसभा सूत्रों के आधार पर दावा किया है कि कांग्रेस की पीएम मोदी पर शारीरिक हमले की योजना थी और इसके लिए ढाल बनाकर महिला सांसदों को आगे भेजा गया था। यही वजह है कि पीएम मोदी का भाषण नहीं हुआ और लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया।
इससे पहले बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कल कहा था कि विपक्षी सांसद बहुत गुस्से में थे, ये हमला करने के इरादे से संसद में आए थे। पीएम मोदी को घेरकर उनको शारीरिक क्षति पहुंचाना चाहते थे। बता दें कि पीएम मोदी को बुधवार को लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देना था, लेकिन विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद ऐसा अनुमान था कि पीएम आज चर्चा का जवाब दे सकते हैं लेकिन कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष के हंगामे के बीच ही स्पीकर ओम बिरला ने ने धन्यवाद प्रस्ताव को वोटिंग के लिए ले लिया और यह ध्वनिमत से पास हो गया।
2004 के बाद ऐसा हुआ है कि जब प्रधानमंत्री के भाषण के बिना ही लोकसभा से धन्यवाद प्रस्ताव पास हुआ है। उस वक्त तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी अपनी स्पीच नहीं दे पाए थे। बजट सत्र के लिए लोकसभा से निलंबित किए गए विपक्ष के 8 सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों के सांसद लगातार हो हल्ला मचाए हुए हैं। संभावना जताई जा रही है कि आज शाम पांच बजे प्रधानमंत्री राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर स्पीच दे सकते हैं।
