मुंबई। आए दिन पाकिस्तानी आतंकी संगठनों से संबंध रखने के कारण देश में लोग पकड़े जा रहे हैं। इनमें ताजा नाम मोहम्मद हसन अबु सरमद अख्तर का भी जुड़ा है। महाराष्ट्र एटीएस ने मोहम्मद हसन अबु सरमद अख्तर को पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध होने के शक में गिरफ्तार किया है। अख्तर रैपिडो का ड्राइवर है। उसे गोपनीय जानकारी मिलने के बाद मुंबई के माहिम स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।
महाराष्ट्र एटीएस ने बताया है कि अख्तर रैपिडो के लिए ड्राइवर का काम करने के साथ ही इत्र भी बेचता था। साथ ही वो अपने इन काम के साथ कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार कर रहा था। महाराष्ट्र एटीएस के मुताबिक अख्तर के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से भी रिश्ते का शक है। महाराष्ट्र एटीएस के मुताबिक गिरफ्तार हुआ मोहम्मद हसन अबु सरमद अख्तर ने टेलीग्राम पर इंडियन मुस्लिम नाम से चैनल में जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मौलाना मसूद अजहर की वो ऑडियो शेयर की थी, जिसमें बाबरी मस्जिद गिराए जाने का जिक्र किया गया था। महाराष्ट्र एटीएस ने जांच में पाया कि अख्तर ने कट्टरपंथी पाकिस्तानी टेलीग्राम चैनल इब्न-ए-कासिम ज्वॉइन किया हुआ था।
अख्तर पर ये आरोप भी लगा है कि उसने इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भड़काऊ टिप्पणियां की। एटीएस के मुताबिक रैपिडो ड्राइवर ने ‘अब जिहाद का जमाना आ गया है’ जैसी टिप्पणियां कर लोगों को भड़काने और हिंसा के लिए बढ़ावा देने की भी कोशिश की थी। पीएम नरेंद्र मोदी की बीते दिनों मुंबई दौरे से पहले उसने विवादित टिप्पणी की। साथ ही पूर्व पीएम स्वर्गीय इंदिरा गांधी के बारे में भी आपत्तिजनक बातें लिखीं। उसके फोन से 39 स्क्रीनशॉट महाराष्ट्र एटीएस ने सुरक्षित किए हैं। अख्तर करीब साढ़े तीन साल से किराए के फ्लैट में बसेरा बनाए हुए था। उसके पड़ोसी भी आतंकी संगठन से अख्तर के रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद हैरत में हैं। अख्तर के और संपर्कों की जांच अभी जारी है। ऐसे में और लोगों की गिरफ्तारी से इनकार नहीं किया जा सकता।
