April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में दहला देने वाली घटना, 4 दिव्यांग बेटियों के साथ शख्स ने की आत्महत्या

नई दिल्ली। दिल्ली के वसंत कुंज इलाके के रंगपुरी गांव में एक ही परिवार के 5 लोगों ने आत्महत्या कर ली। मृतकों में व्यक्ति और उसकी 4 बेटियां हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक शख्स कारपेंटर के पेशे में था। उसकी पत्नी का 1 साल पहले ही निधन हो चुका था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आत्महत्या करने वाली चारों बेटियां दिव्यांग थीं। इन सभी ने कोई जहरीला पदार्थ खाकर जान दी। पड़ोसियों ने घर से बदबू आने पर पुलिस को खबर की थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उसे घर में शख्स और उसकी बेटियों के शव मिले। पुलिस को जहर के पाउच भी मौके से मिले हैं।

पुलिस  के अनुसार घर का दरवाजा बंद था। जिसे तोड़कर अंदर जाने पर शख्स और उसकी बेटियों के शव वहां पड़े मिले। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस इस जांच में जुटी है कि आखिर परिवार के सभी 5 लोगों ने किस वजह से आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पत्नी की कैंसर से मौत के बाद से ही शख्स काफी परेशान रहता था। उसकी बेटियां चल-फिर भी नहीं पाती थीं। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी के फुटेज में देखा गया कि 24 सितंबर को शख्स अपने घर गया। उसके बाद घर से कोई भी बाहर नहीं आया। माना जा रहा है कि सभी ने 24 सितंबर को ही आत्महत्या की।

आसपास रहने वालों को पहले लगा कि सभी लोग गांव गए हैं, लेकिन शुक्रवार को घर से तेज बदबू आने के बाद उनको गड़बड़ी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को खबर की गई। सुसाइड नोट न मिलने के कारण आत्महत्या की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि परेशान रहने के कारण परिवार के लोगों ने अपनी जान देने का फैसला किया। घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ फिलहाल इसमें नहीं लग रहा है। हालांकि पुलिस की जांच जारी है।