नई दिल्ली। पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर से एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पति-पत्नी पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने का आरोप है। आर्मी इंटेलिजेंस और पंजाब पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दंपति फिरोजपुर में भारत-पाक सीमा से सटे गांव कालू वाला निवासी हैं। यह दोनों भारतीय सेना से जुड़े संवेदनशील स्थानों की जानकारी पाकिस्तानी और मलेशिया के आईएसआई हैंडलर्स को भेजते थे। महिला पर यह भी आरोप है कि वो सोशल मीडिया के जरिए सेना के जवानों को हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश करती थी ताकि उनसे गुप्त सूचनाएं हासिल की जा सकें।
जानकारी के मुताबिक, पकड़ी गई महिला इंस्टाग्राम और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भारतीय सेना के जवानों को मैसेज भेजती थी। साथ ही फर्जी पुलिसकर्मी बनकर आसपास के लोगों पर रौब भी झाड़ती थी। पुलिस और इंटेलिजेंस के द्वारा गंभीरता से इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दंपति के मोबाइल फोन से कई अति-संवेदनशील दस्तावेज और जरूरी जानकारियां मिली हैं। फिलहाल पति-पत्नी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या सेना का कोई जवान महिला के हनी ट्रैप का शिकार हुआ जिसने किसी प्रकार की कोई गुप्त जानकारी उसके साथ साझा की हो।
दंपति के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनके नेटवर्क में क्या और लोग भी शामिल हैं यह भी उगलवाया जा रहा है। ये लोग आईएसआई हैंडलर्स के संपर्क में कैसे आए और कब से उनके लिए जासूसी कर रहे हैं, यह राज भी पुलिस इनसे उगलवाएगी। दंपति के मोबाइल फोन को लैब में भेजा गया है ताकि उससे डिलीट हुए डेटा को रिकवर किया जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारी आईएसआई हैंडलर्स के साथ साझा की है।
