पंजाब

पेरिस से लौटने पर पंजाब के सीएम भगवंत मान पर 50000 रुपए का जुर्माना, आम आदमी पार्टी ने वजह न बताते हुए केंद्र पर साधा निशाना

शेयर करें:

चंडीगढ़। पंजाब के सीएम भगवंत मान बीते दिनों फ्रांस के पेरिस गए थे। अब आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा है कि पेरिस से लौटने पर सीएम भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर जान-बूझकर तीन घंटे रोका गया और उन पर 50000 रुपए का जुर्माना लगा दिया। पन्नू ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि वो पंजाबियत को नीचा दिखाने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने देती। हालांकि, आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी ने ये नहीं बताया कि भगवंत मान पर ये जुर्माना लगाया क्यों गया है।

बलतेज पन्नू ने कहा कि एयरपोर्ट पर अफसरों ने भगवंत मान से कहा कि उन पर ऊपर से बहुत दबाव है और इसी वजह से जुर्माना लिया जा रहा। पन्नू ने कहा कि इससे साबित होता है कि ये सब कुछ ऊपर से आए आदेशों पर किया गया। आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया कि केंद्र हर स्तर पर पंजाब से इस तरह का बर्ताव करती है। पन्नू ने कहा कि पहले डेढ़ साल तक दिल्ली की सीमा पर किसानों को केंद्र ने बिठाए रखा। फिर पंजाब का फंड जारी नहीं किया। उन्होंने कहा कि सीएम भगवंत मान को विदेश यात्रा की मंजूरी भी इसलिए नहीं दी गई थी कि बीजेपी सरकार डर गई कि कहीं वो विदेश गए, तो वहां से निवेश और फंड लाकर पंजाब को तरक्की की राह पर ले जाएंगे।

पन्नू ने कहा कि सीएम भगवंत मान पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद पेरिस दौरे पर जा सके। जहां उन्होंने दुनिया के दूसरे सबसे बड़े फूड फेस्टिवल में पंजाब के मशहूर राजमा और सफेद चने लॉन्च किए। पन्नू ने ये आरोप भी लगाया कि भगवंत मान की यात्रा के प्रति केंद्र इतना उदासीन था कि वहां कौंसल जनरल भी सीएम से मिलने नहीं गए। उन्होंने कहा कि जब पंजाब के सीएम दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तो कहा गया कि आपका सामान अभी आ रहा। फिर तीन घंटे बाद सामान मिला और गाड़ी में रखकर भगवंत मान चले, तो अफसर दौड़कर आए और जुर्माने की रसीद थमा दी। बता दें कि विदेश से लौटे भारतीय अगर तय सीमा से बाहर के मूल्य की चीज लेकर आते हैं, तो कस्टम ड्यूटी देनी होती है। हालांकि, आम आदमी पार्टी ये नहीं बता रही कि भगवंत मान क्या कोई चीज लेकर आए थे या नहीं। क्योंकि अगर जुर्माने की रसीद गलत तरह से काटी गई, तो उसे कानूनन चुनौती दी जा सकती है।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें