May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आंखों में जलन, भयानक दुर्गंध और बेहोशी, लुधियाना गैस कांड के पीड़ितों ने बयां किए खतरनाक लम्हे

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में रविवार को सीवेज से जहरीली गैस लीक से 5 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हुई थी। इन सभी के परिजनों को पंजाब सरकार ने 5-5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। अब तक की जानकारी के मुताबिक जहरीली गैस का असर 50 मीटर के दायरे में ही हुआ। इस गैस से एक डॉक्टर दंपति के परिवार के सभी लोग भी मौत के मुंह में चले गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक लुधियाना में गैस लीक की घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। अचानक एक धमाका हुआ और फिर लोग एक-एक कर बेहोश होते रहे। पहले बताया जा रहा था कि किराने की दुकान से गैस लीक हुई थी, लेकिन बाद में इसके सीवर से लीक होने का पता चला।

गैस क्या थी, ये जांच के बाद पता चलेगा। हालांकि, इससे भयानक दुर्गंध फैलने की बात सामने आ रही है। ये दुर्गंध इतनी तेज थी कि लोग नाक और मुंह पर कपड़ा बांधकर बचने के लिए भागते देखे गए थे। कुछ लोगों ने बताया कि गैस की वजह से उनकी आंखों में जलन होने लगी थी। बेहोशी छाने लगी थी। जो लोग भाग सके, वे बच गए। जो भाग नहीं सके, उनकी जान चली गई। जहरीली गैस से लोगों का दम घुटने लगा था। कई लोगों ने काफी दूर तक भागकर अपनी जान बचाई। गैस लीक होने वाली जगह से 50 मीटर के दायरे में ही लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।

बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थीं। लोगों को निकालकर हॉस्पिटलों में भेजा गया। साहनेवाल थाने की पुलिस ने इसके बाद ऊपर तक जानकारी दी। जिसके बाद हालात को संभालने और लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके पर भेजी गई। मृतकों का पोस्टमॉर्टम किया गया है। प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस से दिमाग सुन्न होने को मौत की वजह बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि सीवेज में मीथेन और अन्य कुछ गैसों के मिश्रण से ही ये बड़ा हादसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *