दिल्ली

बंगाल की खाड़ी से प्रचंड चक्रवात बनने की आशंका, इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का मौसम विभाग का अनुमान

शेयर करें:

नई दिल्ली। कई राज्यों में अगले हफ्ते भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवात में बदलने की आशंका जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस चक्रवात की वजह से दो राज्यों में भारी बारिश होगी। इस खबर को पढ़कर जान लीजिए कि बंगाल की खाड़ी में बनने जा रहे चक्रवात का आपके राज्य पर कोई असर पड़ेगा या नहीं।

मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व इलाके में कम दबाव का जो क्षेत्र बना था, वो 24 अक्टूबर को घना हो गया है। इसके 25 अक्टूबर तक और गहरे दबाव वाले क्षेत्र में बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग महानिदेशक के मुताबिक 26 अक्टूबर की सुबह ये कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के मध्य इलाके में चक्रवात में बदल सकता है। उनके मुताबिक कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात में बदलने के बाद पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ेगा। जिसके 28 अक्टूबर सुबह ओडिशा के दक्षिण और आंध्र प्रदेश के उत्तरी इलाके के पास पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में अभी 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। जबकि, हवा के झोंके की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटा है। 25 अक्टूबर को हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर और इसके झोंके 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

Ad Zone: in_content

मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 अक्टूबर को झोंकों की गति 90 किलोमीटर होगी और तट पर पहुंचने के दौरान चक्रवात और तेज रफ्तार वाली हवाएं लेकर आएगा। चक्रवात के कारण अंडमान-निकोबार में 25 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं, ओडिशा के तटीय इलाकों में 27 से 29 अक्टूबर तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से आने वाले चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय के साथ भीतरी इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार बनेंगे। मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए अलर्ट जारी किया है कि वे 25 अक्टूबर तक मध्य और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में न जाएं। साथ ही ओडिशा के दक्षिणी और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों के लोगों को भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें