नई दिल्ली। पंजाब में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए सभी दलों ने अपनी-अपनी तैयारी शुरू कर दी है। वहीं पंजाब की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बीजेपी के साथ गठबंधन के संकेत दिए हैं। बादल का कहना है कि समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों के साथ वो गठबंधन को तैयार हैं। बादल का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब अभी हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में एनडीए की सरकार बनने का दावा किया था। इससे पहले अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा था कि बीजेपी और शिअद का गठबंधन समय की मांग है।
सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में अकाली दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को हटाने की मांग उठाई। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए बादल बोले, शिरोमणि अकाली दल की विचारधारा के साथ जो राजनीतिक दल सहमत हैं, हम उनके साथ गठबंधन कर सकते हैं। उन्होंने कहा अकाली दल क्षेत्रीय पार्टी है और हमारे लिए पंजाब सर्वोपरि बताया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को शिरोमणि अकाली दल का मुख्य विरोधी बताया।
आपको बता दें कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और बीजेपी लंबे समय तक एक-दूसरे सहयोगी रह चुके हैं। दोनों दलों ने मिलकर प्रदेश में सरकार भी बनाई थी। सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर अकाली दल ने एनडीए से अलग होने की घोषणा कर दी थी। उसके बाद से बीजेपी और एसएडी के रास्ते अलग-अलग हैं। अब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों के नेताओं के बयानों से इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि एक बार फिर पुराने सहयोगी साथ आ सकते हैं। पंजाब में नशा एक बहुत बड़ी समस्या है और अमित शाह कह चुके हैं कि 2027 का चुनाव बीजेपी नशा मुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी।
