पंजाब के रिटायर्ड आईजी अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, 8 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी के हुए थे शिकार
नई दिल्ली। पंजाब कैडर के एक पूर्व आईपीएस अधिकारी अमर सिंह चहल ने पटियाला में अपने घर पर खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। अमर सिंह चहल पंजाब पुलिस से आईजी पोस्ट से रिटायर हुए थे। उन्होंने रिवॉल्वर से अपने सीने में गोली मारी है। उनके साथ 8 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी की घटना हुई थी। चहल के घर से 12 पेज का एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है जो उन्होंने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के नाम लिखा है। इस पत्र में उन्होंने अपने साथ हुई ठगी का भी जिक्र किया है।
अमर सिंह चहल ने पंजाब के डीजीपी से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी मामले में तुरंत संज्ञान लें। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि तफ्तीश की जा रही है और परिवार वालों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए। गौरतलब है कि 2015 में फरीदकोट के कोटकपूरा में गुरु ग्रन्थ साहिब की बेअदबी के खिलाफ धरना दे रहे सिख श्रद्धालुओं पर जो पुलिस फायरिंग हुई थी उस मामले में अमर सिंह चहल आरोपी हैं। इस मामले की जांच के लिए एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस एलके यादव के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।
इस एसआईटी ने 24 फरवरी, 2023 को फरीदकोट कोर्ट में अमर सिंह चहल समेत पंजाब पुलिस के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। वहीं पटियाला के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस वरुण शर्मा ने कहा कि फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पूर्व आईपीएस ने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया। इसके साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़ा मामला जिसका उन्होंने डीजीपी को लिखे पत्र में उल्लेख किया है उसकी भी गहन जांच कराई जाएगी।
