संभल में 46 साल बाद खोले गए शिव-हनुमान मंदिर में महाशिवरात्रि पर भक्तों का लगा तांता
नई दिल्ली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज संभल के उस शिव-हनुमान मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा हुआ है जो पिछले 46 सालों से बंद था और हाल ही पुलिस प्रशासन के द्वारा खुलवाया गया है। संभल के नखासा, मोहल्ला खग्गू सराय में स्थित इस मंदिर में सुबह से ही बहुत बड़ी संख्या में शिव भक्त शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी लाइन लगी हुई है। बीजेपी जिला अध्यक्ष हरेंद्र रिंकू भी पत्नी संग मंदिर पहुंचे और जलाभिषेक तथा पूजा अर्चना की। 46 साल से बंद पड़े इस मंदिर के खुलने के बाद यह पहली महाशिवरात्रि है। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर के बाहर पुलिस कर्मी भी तैनात हैं।
वहीं देश भर के सभी शिव मंदिरों में आज आस्था की बयार बह रही है। आम लोगों से लेकर वीवीआईपी तक सभी लोग अलग-अलग मंदिरों में जाकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के पर्व पर गोरखपुर के मानसरोवर मंदिर में हवन के बाद शिवलिंग पर दुग्धाभिषेक किया।
जबकि केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भोपाल में निकाली जा रही भगवान शंकर की शोभायात्रा में शामिल हुए। इतना ही नहीं उन्होंने भगवान शिव के रथ को भी खींचा। उन्होंने कहा, मैं सभी को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैं कामना करता हूं कि भगवान शिव और माता पार्वती सभी भक्तों को अपना आशीर्वाद दें और कृपा बनाए रखें।
काशी के विश्वनाथ मंदिर का तो नज़ारा ही अलग है। यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे हुए हैं। मंदिर के बाहर कई किलोमीटर की लंबी लाइन है। श्रद्धालुओं का जोश और उत्साह देखते ही बनता है। प्रशासन की ओर से शिव भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जा रही है।
