असम में हाईवे पर बनी एयरस्ट्रिप पर पीएम नरेंद्र मोदी के विमान की ऐतिहासिक लैंडिंग, जानिए क्या है यह इमरजेंसी लैंडिंग सुविधा?
नई दिल्ली। असम के डिब्रूगढ़ में देश की पहली हाईवे इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ईएलएफ) की आज से शुरुआत हो गई। डिब्रूगढ़-मोरान हाईवे पर बनाई गई एयर स्ट्रिप पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान की ऐतिहासिक लैंडिंग हुई। पीएम मोदी वायुसेना के मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट C-130J सुपर हरक्यूलिस में सवार थे। NH-127 के 4.2 किमी लंबे हिस्से पर बनाई गई एयरस्ट्रिप में इमरजेंसी लैंडिंग सुविधा की व्यवस्था की गई है। यह एक ऐसा एयरस्ट्रिप होता है जहां सामान्य वक्त में गाड़ियां चलती हैं, लेकिन आपात स्थिति में यहां लड़ाकू विमानों, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग कराई जा सकती है।
असम के ऊपरी हिस्से में बनाई गई यह एयरस्ट्रिप भारत-चीन सीमा (एलएसी) से सिर्फ 240 किलोमीटर की दूरी पर है। इस दौरान इस एयरस्ट्रिप पर एयर शो का भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राफेल, सुखोई-30 MKI, डोर्नियर सर्विलांस विमान, एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर की भी हाईवे स्ट्रिप पर सफलतापूर्वक लैंडिंग और टेकऑफ हुआ। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय और भारतीय वायुसेना के संयुक्त प्रयास से देश के अलग अलग हिस्सों में हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी तैयार की जा रही हैं। प्राकृतिक आपदा या दूसरे देश से युद्ध जैसी स्थिति में इन एयरस्ट्रिप का इस्तेमाल किया जा सकेगा। एलएसी के पास इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी के जरिए भारत ने चीन को भी संदेश दिया है।
बता दें कि पूर्वोत्तर के राज्यों में विकास पर मोदी सरकार काफी जोर दे रही है। वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रत्येक यात्रा असम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरी होती है। ईएलएफ हमारे उन इंजीनियरों और कर्मचारियों की प्रतिभा का भी प्रमाण है जो असम के बुनियादी ढांचे को बदलने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। हमारी सड़कें, जो कभी मुश्किल से चलने लायक थीं, आज विमानों की आवाजाही के लिए सक्षम हैं। यह परिवर्तन आपके एक वोट की शक्ति है।
