आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकलों को बताया गलत
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की अटकलों को आम आदमी पार्टी पार्टी ने खारिज कर दिया है। आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ का कहना है कि पहले मीडिया ने सूत्रों के हवाले से खबर चलाई कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के सीएम बनेंगे। अब मीडिया में कयास लग रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा सांसद बनेंगे। प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि मीडिया के सूत्र गलत हैं। फिर आम आदमी पार्टी ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को प्रत्याशी क्यों बनाया? इस पर सुनिए आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता ने क्या कहा।
आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता की तरफ से ये दावा किया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा नहीं जाएंगे। वहीं, राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को विधानसभा उप चुनाव लड़ाए जाने के कारण अब ये सवाल उठ रहा है कि अगर संजीव अरोड़ा पंजाब विधानसभा का उप चुनाव जीत जाते हैं, तो फिर आम आदमी पार्टी उनकी जगह किसे राज्यसभा भेजेगी? बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली का विधानसभा चुनाव गंवाने के बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान और पार्टी के विधायकों को दिल्ली बुलाकर थोड़ी देर तक बैठक की थी। इस बैठक के मसले पर भी तमाम तरह के कयास लग रहे थे। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने तब कहा कि पंजाब के विधायकों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में खूब मदद की और अरविंद केजरीवाल ने उनको धन्यवाद देने के लिए दिल्ली बुलाया था।
अरविंद केजरीवाल हालांकि इधर एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली की बीजेपी सरकार पर निशाना तो साध रहे हैं, लेकिन दिल्ली चुनाव में हार के बाद उन्होंने अब तक सिर्फ एक ही वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने बीजेपी को बधाई दी थी। जबकि, चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल लगभग रोज ही वीडियो जारी करते रहे थे। अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा ने हराया था। उनके करीबी मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और सौरभ भारद्वाज के अलावा आम आदमी पार्टी के कई और नेता भी दिल्ली का विधानसभा चुनाव हार गए थे।
