व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी पद से इस्तीफा देंगी कैरोलिन लेविट, आखिर क्यों लिया ये फैसला?
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट इस्तीफा देने जा रही हैं। लेविट इसी महीने के अंत में अपना पद छोड़ देंगी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद लेविट के इस्तीफा देने के निर्णय की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी है। वहीं लेविट ने भी अपने इस फैसले का कारण लोगों के साथ साझा किया है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वो सिर्फ पद छोड़ रही हैं, रिपब्लिकन पार्टी और ट्रंप की सलाहकार के तौर पर वो बाहर से काम करती रहेंगी। साल 2025 में ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद से लेविट व्हाइट हाउस प्रेस सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
कैरोलिन लेविट ने कहा, पिछले डेढ़ साल से व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी के तौर पर काम करना मेरे लिए जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और रोमांचक अनुभव रहा है। मैं राष्ट्रपति ट्रंप की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इतने सारे शानदार मौके दिए। सबसे बढ़कर, कि उन्होंने मुझे व्हाइट हाउस पोडियम से उनकी तरफ से बोलने का खास मौका दिया। दुनिया की सबसे मुश्किल नौकरियों में से एक करते हुए मां बनना और एक नए बच्चे का स्वागत करना मेरे जीवन का सबसे संतोषजनक लेकिन चुनौतीपूर्ण दौर रहा है। सच तो यह है कि बेटी के जन्म के बाद व्हाइट हाउस लौटने के बाद से, मुझे दिल से महसूस हुआ है कि काम की अत्यधिक व्यस्तता के कारण मैं अपने दो छोटे बच्चों के लिए वैसी बेहतरीन मां नहीं बन सकती जैसी उन्हें जरूरत है, इसीलिए मैंने आखिरकार व्हाइट हाउस छोड़ने और अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू करने का मिला-जुला फैसला किया है।
वहीं, ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट किया, व्हाइट हाउस की हमारी शानदार प्रेस सेक्रेटरी और मेरे सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक कैरोलिन लेविट महीने के आखिर में अपना पद छोड़ देंगी ताकि वह अपने प्यारे छोटे बच्चों और परिवार के साथ ज्यादा समय बिता सकें। मैं उनके इस फैसले को पूरी तरह समझता हूं और इसका सम्मान करता हूं।
