August 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Rain Alert: दिल्ली से लेकर देश के बड़े हिस्से में जमकर बारिश के आसार

नई दिल्ली। मॉनसून की सक्रियता और बंगाल की खाड़ी में बदले सिस्टम की वजह से एक बार फिर दिल्ली समेत तमाम राज्यों में बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर तक जमकर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कई जगह तेज आंधी भी आ सकती है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण भूस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में गंगातटीय इलाकों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर में असम के साथ ही अन्य राज्यों में जोरदार बारिश जारी रहने की संभावना है। इससे असम में बाढ़ की स्थिति और भयावह हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में चक्रवातीय संचरण बना हुआ है। वहीं, मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इस वजह से तमाम राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।

बीते दिनों देश के ज्यादातर इलाकों में जमकर बारिश हुई थी। जिसके बाद बारिश थम गई और फिर चिपचिपी गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। अब फिर जोरदार बारिश होने पर तापमान में गिरावट और राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बीते दिनों बताया था कि जमकर बारिश के कारण औसत बारिश से 12 फीसदी ही कम पानी गिरा है। इससे किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। वैसे मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि इस साल अल-नीनो के कारण औसत से कम बारिश होगी। भारत में मॉनसून का सीजन जून से सितंबर तक रहता है। इस साल मॉनसून के सीजन में कुछ दिन रुक-रुककर बारिश होने के आसार हैं। इससे पहले लगातार दो साल तक ला-नीना का असर था और इस वजह से औसत से ज्यादा बारिश देखी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *