दुबई से इजरायल जा रहे विमान के पायलट ने भेजा हाईजैकिंग वाला सिग्नल, सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग
नई दिल्ली। दुबई से इजरायल जा रहे एक यात्री विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया जिसके बाद हड़कंप मच गया। विमान के पायलट के द्वारा सेंड किया गया सिग्नल आमतौर पर हाईजैकिंग की स्थिति में भेजा जाता है। इसके बाद विमान को वापस मोड़कर सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। हालांकि लैंडिंग के कुछ देर बाद ही इजरायल की ओर से बयान जारी कर यह कहा गया है कि प्लेन हाईजैक नहीं हुआ है। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने इसे हाईजैकिंग की घटना नहीं माना है। बताया जा रहा है कि इस विमान में 174 यात्री सवार थे जिसमें अधिकतर इजरायली नागरिक थे।
फ्लाई दुबई एयरलाइंस के इस बोइंग 737 मैक्स विमान संख्या FZ1073 ने दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भरी थी। सऊदी अरब पहुंचने के बाद अचानक विमान ने रूट बदल लिया। उसके बाद विमान से 7700 कोड वाला सिग्नल दिया जो आपातस्थिति में भेजा जाता है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, इसके कुछ ही देर बाद विमान से 7500 कोड भेजा गया। इस कोड का इस्तेमाल विमान के हाईजैक होने की परिस्थिति में किया जाता है। उधर, इस घटना के बाद इजरायल प्रशासन ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है।
उधर, आपात स्थिति के मद्देनजर इजरायली वायु सेना के जेट्स भी एक्टिव मोड में आ गए। फिलहाल उस विमान की सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हो गई है। वहीं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विमान के पायलट और को- पायलट के बीच बहस के चलते हाईजैक का सिग्नल चला गया था। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या वाकई पायलटों के बीच हवा में विवाद हुआ और अगर यह सही है तो किस कारण से ऐसी स्थिति बनी। हालांकि इस घटना के संबंध में जांच की जा रही है और पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
