September 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में एक नवंबर से बदलेगी ऑफिस टाइमिंग, 50 फीसदी कर्मचारी करेंगे वर्क फ्रॉम, निर्माण कार्यों पर रहेगी रोक

नई दिल्ली। दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और स्वच्छ हवा तथा बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सर्दियां शुरू होने से पहले प्रदूषण की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार ने 1 नवंबर से सभी सरकारी दफ्तरों में टाइमिंग चेंज करने और सरकारी और निजी ऑफिसों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) का आदेश लागू करने का निर्देश दिया है। साथ ही निर्माण कार्यों पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं।

दिल्ली सरकार के मुताबिक 1 नवंबर, 2026 से एमसीडी के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। वहीं गवर्नमेंट ऑफ नेशनल कैपिटल टेरिटरी ऑफ दिल्ली (GNCTD) के तहत जो भी कार्यालय आते हैं उनकी टाइमिंग सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक रहेगी। इसके साथ ही सभी सरकारी और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति 50 फीसदी रहेगी। बाकी के 50 प्रतिशत कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। यह व्यवस्था 28 फरवरी, 2027 तक लागू रहेगी। वहीं 1 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक दिल्ली सरकार ने पार्किंग शुल्क को दोगुना करने का फैसला किया है ताकि लोग गाड़ियों का कम इस्तेमाल करें। हालांकि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मालिकाना हक और प्रबंधन वाली पार्किंग जगहों पर यह नियम लागू नहीं होगा।

वहीं 1 नवंबर, 2026 से 31 जनवरी, 2027 तक तोड़-फोड़ और बाहरी सिविल निर्माण गतिविधियों पर रोक रहेगी। जबकि 10 दिसंबर, 2026 से 20 जनवरी, 2027 तक सभी प्रकार के निर्माण कार्यों और तोड़-फोड़ के कामों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू रहेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार हर नागरिक के लिए साफ हवा और बेहतर पर्यावरण की दिशा में लगातार प्रयासरत है। प्रदूषण के मुख्य स्रोतों पर सख़्त कार्रवाई, लगातार निगरानी और विभागों के बीच आपसी तालमेल के जरिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *