Namo Bharat Train : दिल्ली से मेरठ के बीच रोज यात्रा करने वाले लोगों को मिली बड़ी सुविधा
नई दिल्ली। दिल्ली से मेरठ चलने वाली नमो भारत ट्रेन में रोज लाखों यात्री सफर करते हैं। अब इन यात्रियों को बड़ी सुविधा दी गई है। नमो भारत ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए ‘ट्रिप पास’ शुरू किया गया है। जिससे नमो भारत का टिकट खरीदने के लिए रोज कतार में नहीं खड़ा होना होगा। साथ ही नमो भारत के जो यात्री ट्रिप पास खरीदेंगे, उनको किराए में भी बचत होगी। नमो भारत का ट्रिप पास वैसा ही है, जैसे बस या लोकल ट्रेन की एमएसटी होती है।
ट्रिप पास के जरिए नमो भारत ट्रेन के दो निश्चित स्टेशनों के बीच टिकट बन जाता है। जिसका इस्तेमाल आप हर रोज कर सकते हैं। यात्री अपने लिए दो हफ्ते का पास बनवा सकते हैं। नमो भारत का ट्रिप पास एक तय रूट पर ही काम करता है। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के बेगमपुल या बीच के स्टेशनों के लिए दैनिक यात्री ट्रिप पास ले सकेंगे। अगर तय स्टेशन से अलग किसी और स्टेशन पर उतरे, तो ट्रिप पास काम नहीं करेगा। नमो भारत ट्रेन का ट्रिप पास नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के साथ ही लिंक और रिचार्ज होगा।
नमो भारत के यात्री जब तय स्टेशन पर उतरेंगे, तो मशीन पर ट्रिप पास से किराया कट जाएगा। इसके अलावा नमो भारत ट्रिप पास पर किराए में 10 फीसदी की छूट मिलेगी, जैसी मेट्रो ट्रेन के कार्ड से किराया चुकाते वक्त मिलती है। एनसीएमसी कार्ड का इस्तेमाल करने पर नमो भारत के यात्रियों को हर रुपए के बदले 10 पैसे के बराबर प्वॉइंट मिलता है। 300 प्वॉइंट होने पर मुफ्त यात्रा हो जाती है। नमो भारत के ट्रिप पास को स्टैंडर्ड और प्रीमियम कोच में इस्तेमाल कर सकते हैं। जिसके लिए अलग-अलग गेट होते हैं। इस ट्रिप पास में गैर रिफंडेबल रकम भी होती है। इसके अलावा एडमिन शुल्क भी होगा। कुल मिलाकर नमो भारत ट्रेन का ट्रिप पास यात्रियों की सुविधा की दिशा में अहम कदम है।
