समुद्री लुटेरों ने सोमालिया में कार्गो शिप के पांच क्रू मेंबर्स की कर दी हत्या, मृतकों में एक भारतीय नागरिक
नई दिल्ली। सोमालिया में समुद्री लुटेरों ने एक ऑयल कार्गो शिप ‘एमटी ऑनर 25’ पर हमला करके पांच क्रू मेंबर्स की हत्या कर दी। मृतकों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। वहीं क्रू के चार अन्य सदस्य जिसमें से एक भारतीय और तीन पाकिस्तानी नागरिक हैं, उनके घायल होने की खबर है। पलामू के झंडे वाला यह कार्गो शिप ‘एमटी ऑनर 25’ सोमालियाई समुद्री लुटेरों के द्वारा अप्रैल में अपने कब्जे में लिया गया था, जिसे अब मुक्त करा लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमालिया के पुंटलैंड के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से पहले ही लुटेरों ने क्रू मेंबर्स को मार डाला था।
‘एमटी ऑनर 25’ पेट्रोलियम कार्गो शिप पर चालक दल के कुल 17 सदस्य सवार थे। जिन पांच क्रू मेंबर्स की हत्या समुद्री लुटेरों ने कर दी उनमें एक भारतीय के अलावा तीन पाकिस्तानी और एक म्यांमार का नागरिक था। जहाज को छुड़ाने के साथ ही 16 समुद्री डकैतों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। इसी के साथ एक अन्य जहाज को भी डकैतों के चंगुल से छुड़ाया गया है जिसे मई में समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अभी पिछले हफ्ते ही पुंटलैंड की मैरीटाइम पुलिस फोर्स ने सिबु 1 टैंकर को छुड़ाया था। इस टैंकर को अमेरिका के द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। आपको बता दें कि इधर कुछ समय से समुद्री लुटेरों के द्वारा कार्गो टैंकर पर हमला किए जाने की घटनाए बढ़ी हैं।
अभी इसी साल अगस्त में भी सोमालिया में पुंटलैंड तट के पास एक मालवाहक जहाज M/V LUTUF को समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया था। कैमरून के झंडे वाले इस जहाज में चालक दल के कुल 10 सदस्य सवार थे जिसमें से 6 भारतीय नागरिक सवार थे। M/V LUTUF मालवाहक जहाज पोलर मूवमेंट शिपिंग कंपनी का है। इस जहाज में तुर्किए के हथियार, संचार प्रणाली और उपग्रह उपकरण थे जिनको मोगदिशु में स्थित एक सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में पहुंचाया जाना था।
