बेंगलुरु। कर्नाटक में चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। कर्नाटक की फाइनल वोटर लिस्ट में 45500011 वोटर रह गए हैं। एसआईआर से पहले कर्नाटक में 55432314 वोटर थे। यानी कर्नाटक में 99 लाख 32 हजार वोटरों के नाम कटे हैं। वहीं, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के मुकाबले फाइनल लिस्ट में 8.64 नए वोटरों के नाम जोड़े भी गए हैं।
राजनीतिक मामलों में शोध करने वाली संकल्प नाम की संस्था का दावा है कि कर्नाटक में एसआईआर के दौरान 52 विधानसभा क्षेत्रों में 127 गैर भारतीय नागरिक भी वोटर के तौर पर चिन्हित हुए। संस्था के मुताबिक कर्नाटक के हेब्बल में सबसे ज्यादा 13 वोटर इस श्रेणी में रखे गए। वहीं, पद्मनाभनगर में 10, शिवाजीनगर में 8, महादेवपुरा में 7, चित्तापुर-ब्याटरायनपुरा और राज राजेश्वरीनगर में ऐसे 5-5 और होन्नाली में 4 वोटर मिले। संस्था का कहना है कि बीजापुर सिटी, तीर्थहल्ली, सिरा, चिकपेट, सेडम, मेलुकोट, मलावल्ली और अनेकल में विदेशी नागरिकों के वोटर होने के 3-3 मामले पाए गए।
कर्नाटक की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 16.39 लाख मृत, 80.62 लाख दूसरी जगह गए, 7 लाख एक से ज्यादा जगह के तौर पर हटाए गए थे। जबकि, 3.83 लाख को अन्य वजहों से कर्नाटक की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाया गया था। चुनाव आयोग ने ऐसे वोटरों को फॉर्म-6 भरने के लिए कहा था, जिनका नाम-पता नहीं मिल पाया था या बीएलओ को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली थी।
कर्नाटक की फाइनल वोटर लिस्ट में 2.25 करोड़ से ज्यादा पुरुष, 2.29 करोड़ महिलाएं और 2841 थर्ड जेंडर के वोटर हैं। कर्नाटक में अभी 18-19 साल के 6.83 लाख वोटर हैं। वहीं, 85 साल से ज्यादा उम्र के भी 3.92 लाख वोटर इस फाइनल लिस्ट में हैं। कर्नाटक के वोटर फाइनल लिस्ट में अपना नाम देखने के लिए ECINET एप या मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर वोटर आईडी कार्ड (EPIC) नंबर डालकर सर्च कर सकते हैं। ‘नो रिजल्ट’ दिखने का अर्थ वोटर लिस्ट में नाम न होना है। ऐसे में बीएलओ, ईआरओ या डीईओ को आवेदन दिया जा सकता है।
