जो श्रमिकों को दाम नहीं देगा, उसका सरकार काम तमाम करेगी, योगी आदित्यनाथ का ठेकेदारों और नियोक्ताओं को सख्त संदेश
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिक दिवस के अवसर पर आज लखनऊ में श्रमवीर गौरव समारोह-2026 का शुभारंभ करते हुए श्रमिक कल्याण की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। योगी ने कहा कि बहुत बार हम देखते थे कि श्रमिकों से काम कराने के बाद उनको ठेकेदार या जिसके यहां काम किया उसके द्वारा पैसा नहीं दिया जाता है। सरकार ने कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा। श्रमिक से अगर काम लिया है तो उसे उसके काम का दाम भी देना पड़ेगा। जो श्रमिकों को उनके काम का दाम नहीं देगा, उसका सरकार काम तमाम करेगी।
यूपी सीएम बोले, उद्योग और श्रमिक एक दूसरे के पूरक हैं। उद्योग है तो श्रमिक है। उद्योग का उन्नयन होगा तो श्रमिक का उन्नयन होगा। श्रमिक खुशहाल होगा तो उद्योग तेजी से आगे बढ़ेगा। याद रखना जहां औद्योगिक अशांति हुई है वहां खंडहर के सिवा कुछ नहीं बचता। जो लोग समृद्धि के विरोधी हैं, विकास के विरोधी हैं, वे नहीं चाहते कि उद्योग चले, वे बहकाने का काम करेंगे, लेकिन बहकना नहीं है। उद्योग और श्रमिकों को मिलकर काम करना है। पीएम मोदी के विजन के अनुरूप हर हाथ को काम और हर श्रमिक को सम्मान, यह सरकार का संकल्प है। हम इतना अच्छा पैकेज उपलब्ध करवाएंगे कि हर श्रमिक सम्मान के साथ अपना जीवन यापन कर पाएगा।
योगी ने ऐलान किया कि ग्रेटर नोएडा में हम लोगों ने एक भूमि आवंटन किया है, जिसमें श्रमिकों के लिए डेडिकेटेड 300 बेड का एक ESIC हॉस्पिटल का निर्माण 7 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। सीएम ने कहा कि 41 जनपदों में 116 ESIS औषधालय संचालित हैं, शेष 34 जनपदों में ESIS औषधालय स्थापित करने का भी हमारा प्रस्ताव है। श्रमिकों को डॉरमेट्री, सस्ती कैंटीन, क्वालिटी भोजन, मनोरंजन की सुविधा, साफ-सुथरे शौचालय, स्नानघर और CCTV सुरक्षा की सुविधा मिले, ये सभी चीज सरकार करने जा रही है। सरकार ने प्रदेश के अंदर 18 कमिश्नरी में एक-एक अटल आवासीय विद्यालय बनाए हैं। आज हम लोगों ने जेवर में भी एक मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय की आधारशिला रखी है, जिसमें श्रमिकों के ही बच्चे पढ़ेंगे।
