यूपी की विधायक पूजा पाल साइबर फ्रॉड का शिकार, खाते से निकली इतनी रकम
प्रयागराज। आए दिन साइबर फ्रॉड नए-नए तरीकों से लोगों को ठगकर उनके बैंक खाते से रकम उड़ाते रहते हैं। कभी केवाईसी के लिए लिंक पर क्लिक करने, तो कभी डिजिटल अरेस्ट और अन्य तरीकों से ये ठग भोले-भाले लोगों को झांसा देते हैं। अब ऐसे ही साइबर ठगों ने यूपी की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल से धोखाधड़ी की है। पूजा पाल के मुताबिक 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच उनके बैंक खाते से साइबर फ्रॉड के जरिए 1.55 लाख रुपए निकाल लिए गए।
विधायक पूजा पाल के मुताबिक उनको साइबर ठगी की जानकारी 14 सितंबर को उस वक्त हुई, जब बैंक स्टेटमेंट में बिना जानकारी कई ट्रांजैक्शन देखे। विधायक ने इसकी शिकायत प्रयागराज के धूमनगंज थाने में की है। उनका धूमनगंज में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में खाता है। पूजा पाल ने शिकायत में शक जताया है कि किसी ने उनका आईफोन हैक कर ठगी की। पूजा पाल की शिकायत की साइबर सेल जांच कर रही है। पूजा पाल ने पुलिस से कहा है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच यूपीआई से हुए सभी ट्रांजैक्शन की जांच करे। अपने मोबाइल के टेक्निकल ऑडिट के लिए भी उन्होंने पुलिस से गुजारिश की है।
विधायक पूजा पाल ने शिकायत में कहा है कि उनके बैंक खाते से भविष्य में किसी भी तरह धोखाधड़ी से ट्रांजैक्शन पर भी रोक लगाई जाए। साथ ही खाते से उड़ाई गई रकम वापस दिलाने का आग्रह उन्होंने पुलिस से किया है। बता दें कि ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधा शुरू होने के साथ ही इस तरह साइबर ठगों की पौ-बारह हो गई है। ऑनलाइन ठगी पर सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्त रुख अपनाते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। सीबीआई और विभिन्न राज्यों की पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले तमाम लोगों को पकड़ा भी है। इसके बावजूद साइबर फ्रॉड की घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकी है।
