September 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मध्य प्रदेश के नलखेड़ा में नाले में बही कार, तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की जान गई

भोपाल। मध्य प्रदेश में बड़ा हादसा हुआ है। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में उफनते नाले में कार गिर गई। पानी की रफ्तार तेज होने के कारण नाले में गिरी कार बह गई। जिससे कार में सवार तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हुई है। आगर मालवा के एसपी डीके सोनी के मुताबिक नलखेड़ा में प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास ये हादसा हुआ। कार में श्रद्धालु सवार थे।

एसपी के मुताबिक कार के नाले में गिरने से जान गंवाने वाले लोग ओडिशा के निवासी थे। वे उज्जैन से नलखेड़ा स्थित मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। एसपी के मुताबिक ये जानकारी मिली है कि उफनते नाले से ड्राइवर ने कार निकालने की कोशिश की। जिसकी वजह से हादसा हुआ। कार बहने की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार सवार लोगों को बचाया नहीं जा सका। बीती रात इस इलाके में तेज बारिश की वजह से नाले में उफान आ गया था। नलखेड़ा के मां बगलामुखी मंदिर के पास ही 3.2 इंच बारिश हुई थी।

नाले में पानी इतना तेज बह रहा था कि कार करीब 100 मीटर दूर तक बह गई। कार के दरवाजे भी नहीं खुल सके। जिसकी वजह से कार में बैठे लोग नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हुई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कुछ देर के लिए चक्का जाम कर दिया। हर साल बारिश के मौसम में उफनाती नदी और नालों में लोगों के बहने की घटनाओं का वीडियो आता है। वाहन चालकों की हड़बड़ी ऐसे हादसों का कारण बनती है। अगर आप भी वाहन से जा रहे हैं, तो कभी भी किसी उफनाती नदी या नाले को पार करने की कोशिश न करें। साथ ही बारिश के वक्त नदियों के बीच बने टापू पर भी न जाएं। कई बार बरसाती नदी में अचानक पानी बढ़ जाता है। जिसकी वजह से नदी में बने टापू पर भी लोगों के फंसने की खबरें आती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *