August 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उज्जैन के महाकाल परिसर के नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़ की स्थिति, कुछ श्रद्धालु घायल

नई दिल्ली। सावन के तीसरे सोमवार के दिन आज शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी हुई है। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भी दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं। इस दौरान महाकाल मंदिर परिसर में स्थित श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हरसिद्धि मंदिर चौराहे के पास बैरिकेड्स में बिजली का करंट होने की झूठी अफवाह फैलने के कारण भगदड़ की स्थिति बनी। साथ ही बड़ा गणेश मंदिर, नीलकंठ चौराहे और कर्क राज पार्किंग से हरसिद्धि प्रवेश द्वार तक के रास्ते पर भी अफरातफरी मच गई।

बैरिकेड्स टूटने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर और एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दर्शन व्यवस्था बहाल की। हालांकि इस घटना में अभी तक किसी के गंभीर घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। अस्पताल में भर्ती एक घायल की मां मीनू ने बताया कि नागचंद्रेश्वर मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे तभी हरसिद्धि चौराहे पर भगदड़ हुई।

घायल युवक के मुताबिक वो वह रात के 01.00 बजे नाथचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगा था, सात-आठ घंटे के बाद वह मंदिर के पास पहुंचा था। आरती का समय होने पर सभी को रोक दिया गया। फिर अचानक से मंदिर के पट खुले तो वहां भगदड़ मच गई और टेंट भी गिर गया, जिस वजह से बैरिकेड नीचे गिर गए। उन्हीं बैरिकेड के नीचे उसके दोनों पैर फंस गए थे। कई अन्य श्रद्धालु भी इसी में चोटिल हो गए। उसकी मां मीनू के अनुसार घायल श्रद्धालुओं की संख्या 30-35 के आसपास होगी। बताया जा रहा है कि नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में सिर्फ एक बार खुलते हैं इसी वजह से वहां पर दर्शन के लिए बहुत लंबी लाइन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *