नई दिल्ली। पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। जिसके मुखिया अरविंद केजरीवाल हैं। अब दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास का मसला फिर उठा है। दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने एलान किया है कि जनता की मांग को देखते हुए सरकार ने अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को खोलने का फैसला किया है। दिल्ली सरकार और बीजेपी इस आवास को ‘शीशमहल’ कहती है।
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि पहले कैबिनेट बैठक में शीशमहल को राज्य अतिथि गृह के तौर पर इस्तेमाल करने का फैसला किया गया था। जनता की भारी मांग की वजह से अब यहां आम लोगों के आने-जाने, टिकट बुकिंग और आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम लोगों के लिए शीशमहल खोलने से पहले मीडिया को उस जगह का दौरा कराया जाएगा। दिल्ली सरकार के मंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने कभी सरकारी गाड़ी और बंगला न लेने की बात कही थी, उसने पुराने बंगलों, सर्वेंट क्वॉर्टर और गैराज को तुड़वाकर भव्य परिसर बनवाया था।
प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल के सीएम रहते उनके आवास में महंगे पर्दों, वियतनाम से मंगाए गए संगमरमर और स्मार्ट लाइटिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनता को सिर्फ एक कमरा दिखाया गया था। जहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगाई गई थीं। जो बस खानापूर्ति जैसा लग रहा था। जबकि, किसी को भी भीतर जाने की मंजूरी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जनता खुद शीशमहल जाकर इन सभी चीजों को देख सकेगी। उन्होंने इसे दिल्ली में भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण भी करार दिया। प्रवेश वर्मा ने कहा कि शीशमहल को लोगों के लिए खोलने का मकसद उनको वास्तविक स्थिति दिखाना है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा के पिछले चुनाव में शराब घोटाला के साथ ही बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने को भी मुद्दा बनाया था। अब लग रहा है कि पंजाब चुनाव में भी बीजेपी शीशमहल का मुद्दा जोर-शोर से उछालेगी।
