यूपी

एसएसआर के बाद यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 19 लाख नए नाम जुड़े, काटे गए 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम जुड़वाने के लिए बीजेपी चलाएगी अभियान

शेयर करें:

लखनऊ। यूपी में पहले एसआईआर के बाद जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 2.89 करोड़ वोटरों के नाम कटे थे। बीते दिनों यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इनमें 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गलत तरीके से काटे गए। वहीं, चुनाव आयोग ने एसआईआर के बाद यूपी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर) किया। जिसके बाद मंगलवार को फिर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हुई है। इस ड्राफ्ट लिस्ट में एसआईआर के बाद करीब 19 लाख नए वोटर जोड़े गए हैं। वहीं, बीजेपी अब उन हिंदू वोटरों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएगी, जिनको एसआईआर के बाद वोटर लिस्ट से हटाया गया था।

यूपी के मुख्य निर्वाचन आयुक्त नवदीप रिणवा ने बताया कि इस साल अप्रैल में यूपी में 13.39 करोड़ वोटर थे। सात महीने बाद इनकी संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई। यानी 18.85 लाख नए वोटर जोड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि यूपी की वोटर लिस्ट में नए जोड़े गए वोटरों में 18 से 19 साल के 11.83 लाख मतदाता हैं। आंकड़ों के मुताबिक ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में जो नए वोटर जोड़े गए, उनमें 10.96 लाख महिला हैं। वहीं, 7.87 लाख नए पुरुष वोटर भी यूपी में एसएसआर के बाद आई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल किए गए हैं।

यूपी की नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के बाद राज्य में पुरुष वोटरों की संख्या 7.38 करोड़ और महिला वोटरों की तादाद 6.20 करोड़ हो गई है। थर्ड जेंडर के भी 4042 वोटर हैं। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद 16 दिसंबर तक नाम चढ़ाने के लिए दावे और नाम हटाने के लिए आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। इसके अलावा नाम, पता या उम्र में सुधार भी इसी दौरान कराया जा सकेगा। यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट 4 जनवरी 2027 को जारी होगी। वहीं, सीएम योगी के आदेश पर यूपी बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता 17 नवंबर यानी बुधवार से छूटे हुए हिंदू वोटरों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए गहन अभियान में जुटने वाले हैं। बीजेपी के मुताबिक जिन वोटरों का नाम कटा है, उनको तमाम सरकारी योजनाओं का फायदा मिल रहा है। चुनाव आयोग ने भी पंचायत और निगम चुनावों की वोटर लिस्ट के मुकाबले विधानसभा और लोकसभा चुनाव की वोटर लिस्ट में लोगों की कम संख्या पर गंभीरता दिखाते हुए बीएलओ और ईआरओ को पात्र वोटरों के नाम जोड़ने का निर्देश दिया है।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें