नई दिल्ली। प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया के द्वारा आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का आज से शुभारंभ होने जा रहा है। इस बीच राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने रामकथा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की है। भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, मेरी हार्दिक अभिलाषा है कि मुझे इस पावन आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित होने, पूज्य बाबा बागेश्वर जी के दर्शन करने तथा प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त हो। मुझे पूर्ण विश्वास और आशा है कि मेरे हुजूर, रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए मुझे इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करेंगे जिससे श्रीराम कथा के श्रवण और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ पूरे परिवार को मिल सके।
भानवी सिंह ने लिखा, प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में मेरी यही प्रार्थना है कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त समस्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का अंत हो। जिन प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों ने परिवार की सुख-शांति एवं पारिवारिक सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे मुक्ति मिले और परिवार में पुनः प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव एवं खुशहाली का वातावरण स्थापित हो। मैं पूज्य बाबा बागेश्वर सरकार से भी विनम्र प्रार्थना करती हूं कि वे अपने आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार में व्याप्त नकारात्मकता को दूर करने तथा सकारात्मकता, प्रेम और सद्भाव का संचार करने की कृपा करें। साथ ही, इस पावन कथा में सम्मिलित होने की मेरी अभिलाषा पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त करें।
बता दें कि राजा भैया के खिलाफ भानवी सिंह ने घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है जो कोर्ट में लंबित है। पिछले दिनों भानवी सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राजा भैया पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। भानवी ने राजा भैया के पास अवैध हथियारों का जखीरा होने का भी दावा किया था। हालांकि इस मामले में राजा भैया ने कभी कोई बयान नहीं दिया लेकिन उनके दोनों बेटों ने अपने पिता का समर्थन करते हुए अपनी मां पर परिवार तथा पिता को बदनाम करने का आरोप लगाया था। जबकि राजा भैया की दोनों बेटियां अपनी मां के पक्ष में हैं।
