कुंडा (प्रतापगढ़)। यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मंगलवार से 20 नवंबर तक रामकथा सुनाने जा रहे हैं। कुंडा में बेंती राजभवन परेड ग्राउंड में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रामकथा सुनाएंगे। बेंती के कुंवर और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया रामकथा करा रहे हैं। इस दौरान राजस्थान के जोधपुर में रहने वाले पाकिस्तान से आए 500 हिंदू शरणार्थी भी कुंडा पहुंचेंगे। इनके अलावा बड़ी तादाद में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के अनुयायियों और आसपास के लोगों के भी कुंडा पहुंचने के आसार हैं।
कुंडा में राजा भैया की ओर से कराई जा रही रामकथा में बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं के आने की संभावना के कारण पुलिस और प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। कथा क्षेत्र को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटा गया है। यहां रामकथा होने तक 1000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जिनको प्रयागराज कमिश्नरेट, कौशांबी और फतेहपुर से लाया गया है। हर जोन की जिम्मेदारी एक डीएसपी को सौंपी गई है। वहीं, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और वीआईपी के लिए सुरक्षा घेरे के जिम्मे को एक एसपी, तीन एडिशनल एसपी और छह सीईओ संभालेंगे। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के दौरान सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस रहेगी। साथ ही कथा स्थल और इसके चारों ओर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
राजा भैया के कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के लिए 560 फिट लंबा और 100 फिट चौड़ा मुख्य पंडाल बनाया गया है। इस पंडाल के दोनों तरफ 400 फिट गुणा 54 फिट के दो पंडाल बनाए गए हैं। रामकथा सुनाने के लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 80 फिट लंबे और 48 फिट चौड़े मंच पर बैठेंगे। रामकथा के अंतिम दिन दिव्य दरबार भी सजाया जाएगा। राजा भैया के रामकथा कार्यक्रम में तमाम वीआईपी आएंगे। जिन पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों को रामकथा सुनने के लिए लाया जा रहा है, उनके ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। बाद में इन सभी को प्रयागराज में संगम स्नान, काशी विश्वनाथ और अयोध्या के दर्शन भी कराए जाएंगे।
