लखनऊ। बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को फिर झटका दिया है। मायावती ने गुरुवार को आकाश आनंद के परिपक्व न होने की बात कहकर उनको यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से कोई जिम्मेदारी नहीं दी। मायावती ने ये भी कहा कि बीएसपी के संस्थापक स्वर्गीय कांशीराम ने कहा था कि परिवार को सिर्फ पार्टी का काम देना चाहिए, पद या चुनाव नहीं लड़ाना चाहिए। इसी पर उन्होंने अमल किया है। मायावती के ताजा फैसले के बाद आकाश आनंद ने एक्स पर प्रोफाइल बदलकर नेशनल को-ऑर्डिनेटर की जगह बीएसपी कार्यकर्ता लिख दिया।
मायावती ने बीएसपी की बैठक में कहा कि स्वर्गीय कांशीराम के संकल्प पर चलते हुए आकाश आनंद को सिर्फ पार्टी में काम की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि आकाश को अभी और परिपक्व होने की जरूरत है। ताकि विरोधी दल साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों का इस्तेमाल कर बीएसपी को चुनाव में किसी तरह का नुकसान न पहुंचा सकें। मायावती ने इससे पहले एक बार आकाश आनंद को पार्टी से निकाल दिया था। बाद में आकाश आनंद को माफ कर फिर नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया। लखनऊ में बैठक के दौरान मायावती ने संगठन को मजबूत करने और बड़े मुद्दों पर पार्टी का रुख साफ तौर पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएसपी नेताओं के काम की समीक्षा की। सभी पदाधिकारियों को कमियां दूर करने, ईमानदारी बरतने और पार्टी के निर्देश मानने की भी मायावती ने सख्त हिदायत दी।
मायावती ने स्वर्गीय कांशीराम के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शोषित वर्ग को शासक बनाना बहुजन मूवमेंट का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सत्ता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर ने समानता के लिए जीवनभर संघर्ष किया। जबकि, आरक्षण, मुस्लिम और अन्य अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और महिलाओं के अधिकारों के मामले में आरएसएस के दावों में सच्चाई नहीं दिखती। मायावती ने आरएसएस को सलाह दी कि वो भी बाबासाहेब के मानवतावादी और समतामूलक संविधान का ईमानदारी से पालन करे।
