April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रायबरेली पहुंचते ही राहुल गांधी का हुआ जमकर विरोध, यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने समर्थकों के साथ हाईवे पर दिया धरना, रोकना पड़ा काफिला

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान राहुल गांधी का रायबरेली पहुंचते ही जमकर विरोध होने लगा। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह अपने समर्थकों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ उस हाईवे पर धरने पर बैठ गए जहां से राहुल गांधी का काफिला गुजरने वाला था। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाए। इस वजह से राहुल गांधी के काफिले को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। दरअसल बिहार में कांग्रेस के मंच से पीएम नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने के विरोध में राहुल गांधी बीजेपी नेताओं के निशाने पर हैं।

योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को मोदी की मां के अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए और जिसने भी यह कृत्य किया उस पर कड़ा एक्शन लेना चाहिए था। प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के लिए अपशब्द कहा जाना किसी के लिए लज्जित करने वाला विषय है। खुद मंत्री के द्वारा धरना दिए जाने को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया। आला प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मंत्री से बातचीत की और बीजेपी कार्यकर्ताओं को शांत कराया। इस दौरान लगभग 20 मिनट तक राहुल गांधी के काफिले को रुकना पड़ा।

बछरावां पहुंचने के बाद राहुल गांधी का काफिला जैसे ही आगे बढ़ा कठवारा के पास हाईवे पर उनको विरोध झेलना पड़ा। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के काफी मान मनौव्वल के बाद मंत्री दिनेश प्रताप सिंह धरने से हटे और रास्ता खाली किया। इसके बाद राहुल गांधी का काफिला वहां से आगे बढ़ सका। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं के गुस्से को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ पैर फूले रहे। राहुल गांधी का काफिल अब रायबरेली के डेडौली के लिए रवाना हो गया है जहां बटोही होटल में उनको कार्यक्रम में शिरकत करनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *