August 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी विधानसभा में 59,019.54 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश, विपक्ष का जोरदार हंगामा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन आज वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 59,019.54 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश किया। इस अनुपूरक बजट में रेवेन्यू खर्च 17,399.50 करोड़ और कैपिटल खर्च 41,620.04 करोड़ रुपए है। अनुपूरक बजट को पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने योगी सरकार के द्वारा प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों का लेखा जोखा भी पेश किया। जिस वक्त सरकार के द्वारा अनुपूरक बजट पेश किया जा रहा था, विपक्ष के विधायक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में कहा कि अनुपूरक बजट को किसानों, युवाओं, महिलाओं और निर्धन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है ताकि जारी विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने किया जा सके। ये बजट हमारे विकास की गति को आगे बढ़ाएगा। सपा नेता आरके वर्मा ने अनुपूरक बजट का विरोध करते हुए कहा कि मूल बजट का पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हुआ है ऐसे में इस अनुपूरक बजट को लाने का कोई औचित्य नहीं है और यह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने हंगामा कर रहे सपा विधायकों को समझाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदन में मौजूद हैं और वो सभी मुद्दों का जवाब देंगे। इसके बावजूद विपक्षी सदस्य शांत नहीं हुए और हंगामा जारी रहा।

विपक्ष के हंगामे की वजह से विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी। जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो फिर से विपक्ष का हंगामा शुरू हो गया। महाना ने विपक्षी सदस्यों से कहा कि बजट या बिल पर चर्चा करना चाहते हैं तो अपनी सीट पर बैठिए ताकि चर्चा शुरू हो सके। सरकार हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है। इस पर भी जब सपा विधायक शांत नहीं हुए तो गुस्से में आकर सतीश महाना ने कहा कि आप लोग सदन के अन्य सदस्यों के अधिकारों का हनन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *