कारोबार

Wholesale Price Index : थोक महंगाई दर 12 फीसदी के पार

शेयर करें:

नई दिल्ली। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर 2026 में थोक महंगाई दर (WPI) बढ़कर 12.29 फीसदी हो गई। जबकि, सितंबर में थोक महंगाई दर 11.39 फीसदी रही थी। महंगाई दर के आंकड़े ऐसे आसार ला रहे हैं, जब रिजर्व बैंक एक बार फिर रेपो रेट में बढ़ोतरी कर सकता है। क्योंकि वित्त मंत्रालय और रिजर्व बैंक ने महंगाई दर की सीमा 6 फीसदी तय कर रखी है।

आंकड़ों के मुताबिक थोक महंगाई दर बढ़ने में सबसे ज्यादा वजह तेल और ऊर्जा की कीमत बढ़ना है। आंकड़ों में बताया गया है कि कच्चा तेल, मिनरल ऑयल, बिजली, खाने-पीने की चीजें, बुनियादी खनिजों, रसायनिक उत्पाद, खाद्य उत्पाद, कपड़ा, रबर और प्लास्टिक के भाव ऊपर उठे हैं। अक्टूबर 2026 में खाद्य पदार्थों की थोक महंगाई दर 8.26 फीसदी रही। सितंबर में खाद्य उत्पादों की महंगाई दर 8.14 फीसदी थी। वहीं, गैर खाद्य चीजों की थोक महंगाई दर 11.69 फीसदी दर्ज की गई। जबकि, सितंबर 2026 में ये 10.28 फीसदी रही थी।

आंकड़ों के मुताबिक खनिजों की थोक महंगाई दर 12.64 फीसदी रही। सितंबर में ये 9.51 फीसदी थी। वहीं, ईंधन और बिजली में थोक महंगाई की दर अक्टूबर में 32.84 फीसदी दर्ज हुई। सितंबर में इनकी दर 25.85 फीसदी थी। तैयार सामान की महंगाई दर 9.76 फीसदी से कुछ घटकर 9.54 फीसदी हुई। इससे पहले बीते हफ्ते खुदरा महंगाई दर (CPI) के आंकड़े आए थे। जिनसे पता चला था कि अक्टूबर 2026 में ये 6.09 फीसदी रही थी।

Ad Zone: in_content

बता दें कि महंगाई दर के लगातार ऊपर जाने के कारण रिजर्व बैंक ने 7 अक्टूबर को रेपो रेट में 25 बेसिस प्वॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 फीसदी किया था। इसके बाद भी महंगाई की दर ऊपर उठी है। महंगाई की दर के लगातार ऊपर जाने की वजह वैश्विक हालात भी माना जा रहा है। क्योंकि दुनिया में तनाव और युद्ध के कारण सप्लाई चेन में भी बाधा आई है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें