April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अनिल अंबानी को ईडी का एक और झटका, रिलायंस समूह की 1,400 करोड़ से अधिक की नई संपत्तियां अटैच

नई दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी के रडार पर चल रहे अनिल अंबानी को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय ने अनिल अंबानी और उनके रिलायंस समूह से जुड़ी 1,400 करोड़ रुपए से अधिक की नई संपत्तियों को अटैच किया है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद इन संपत्तियों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया है। ईडी ने इससे पहले भी अनिल अंबानी के रिलायंस समूह से जुड़ी 7,500 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी अटैच की थी। इस तरह से अब तक लगभग 9000 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी को ईडी के द्वारा अपने कब्जे में लिया जा चुका है।

अनिल अंबानी को फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) उल्लंघन के मामले में ईडी पिछले हफ्ते शुक्रवार को दोबारा पूछताछ के लिए समन जारी किया था। जिसके बाद अंबानी ने ईडी से वर्चुअल तरीके से अपना बयान दर्ज करने का अनुरोध किया था मगर ईडी ने उनकी मांग को अस्वीकार कर दिया था। हालांकि अनिल अंबानी व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित नहीं हुए। इससे पहले अगस्त 2025 में ईडी ने अनिल अंबानी से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लंबी पूछताछ की थी। अनिल अंबानी समूह से जुड़ी कंपनियों पर 17 हजार करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी मामले की जांच चल रही है।

अनिल अंबानी और उनकी कंपनियों पर बैंकों से लिए गए ऋण का गलत तरीके के दुरुपयोग करने का आरोप है। भारतीय स्टेट बैंक ने रिलायंस कम्युनिकेशंस और इसके प्रमोटर-निदेशक अनिल अंबानी को फ्रॉड घोषित किया था। ईडी के साथ साथ सीबीआई भी इस केस की पड़ताल कर रही है। सीबीआई के द्वारा भी कई जगहों पर छापेमारी की जा चुकी है। रिलायंस पावर लिमिटेड के सीएफओ अशोक कुमार पाल को ईडी ने पिछले महीने गिरफ्तार किया था। पाल पर फर्जी बैंक गारंटी घोटाले में अहम भूमिका निभाने और फंड डाइवर्जन के आरोप हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *