‘ये छोटा पाकिस्तान है…तुझे काटकर दफना देंगे’, डॉक्टर को धमकी देने वाले एएमयू के दो छात्र गिरफ्तार
अलीगढ़। यूपी के अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में एक डॉक्टर को धमकी देने वाले दो छात्रों शहबाज और नजीब को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अमरोहा के डॉक्टर कुलवंत सिंह एएमयू में अपनी मित्र से मिलने आए थे। डॉक्टर का आरोप है कि एएमयू कैंपस के पास छात्रों ने उनको रोककर कहा कि ये यूनिवर्सिटी छोटा पाकिस्तान है। यहां तुझे काटकर दफना देंगे। इस मामले में अलीगढ़ पुलिस की जांच अभी जारी है।
डॉक्टर कुलवंत सिंह के मुताबिक ये घटना 14 अप्रैल की है। वो एएमयू में महिला मित्र से मिलकर लौट रहे थे। जब दो छात्रों ने उनको रोका और बदसलूकी की। डॉक्टर के मुताबिक उनको धमकी दे रहे छात्रों में से एक ने खुद को एएमयू में एमटेक सेकेंड सेमेस्टर का छात्र बताया। डॉक्टर कुलवंत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में इन छात्रों पर गालियां देने का आरोप भी लगाया है। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि छात्रों ने उनसे कहा कि यहां सिर्फ मुसलमानों की चलती है। एएमयू छोटा पाकिस्तान है। यहां तुझे काटकर हलाल करेंगे और दफना देंगे। डॉक्टर के मुताबिक छात्रों ने ये भी कहा कि तेरे घरवालों को भी पता नहीं चलेगा।
जब छात्रों ने डॉक्टर कुलवंत सिंह को जान से मारने की कथित तौर पर धमकी दी, तो उन्होंने 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। इस पर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जिनके आधार पर शहबाज और नजीब की पहचान की गई। इनमें शहबाज एमटेक और नजीब बीटेक का छात्र है। शिकायत के बाद एएमयू की प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम भी मौके पर पहुंची और डॉक्टर कुलवंत सिंह को अपने साथ ले गई। अलीगढ़ पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रहे हैं। एएमयू के बारे में पहले भी कई तरह की शिकायत मिलती रही हैं। यहां कट्टरपंथियों के होने की बातें भी लोग करते हैं। पहली बार ऐसा है जब छात्रों पर एएमयू को मिनी पाकिस्तान कहने का आरोप लगा है।
