भरत भूषण तिवारी के परिवार का प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप, कहा-न्याय दिलाने की बात कहकर बांकीपुर उपचुनाव में प्रचार का बनाया दबाव
नई दिल्ली। बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) पर गंभीर आरोप लगाया है। उनके मुताबिक प्रशांत किशोर ने पहले भरत तिवारी के परिजनों को 15 दिन में न्याय दिलाने का भरोसा दिया और उसके बाद भरत की मां आशा देवी से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रचार करने के लिए कहा। इन आरोपों के बाद बिहार की राजनीति गर्म हो गई है और बीजेपी ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधा है।
उधर, भरत तिवारी की मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की और उनको व्यथा सुनाई। भरत की मां ने न्याय के लिए मुख्यमंत्री पर भरोसा जताया है। वहीं बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने भरत तिवारी के घर जाकर उनके परिजनों से बात की। तब मनोज तिवारी को उन लोगों ने प्रशांत किशोर की बात बताई। भरत तिवारी की भाभी ने कैमरे के सामने मनोज तिवारी से कहा कि प्रशांत किशोर ने उनसे मुलाकात के दौरान इस बात का भरोसा दिया था कि 15 दिनों के भीतर न्याय दिलाया जाएगा। लेकिन फिर वो कहने लगे की बांकीपुर में जन सुराज पार्टी के लिए उनके साथ प्रचार में लगे इस पर हम लोगों ने उनको स्पष्ट इनकार कर दिया। मनोज तिवारी ने कहा कि भरत तिवारी के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उधर, जन सुराज की ओर से भरत तिवारी के परिजनों के आरोपों का खंडन किया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत के एनकाउंटर मामले की जांच को लेकर पहले ही ज्यूडिशियल कमीशन का गठन कर दिया है। सीएम ने कहा था कि अगर गलत है तो उस पर कार्रवाई हो। एसपी की संस्तुति के बाद जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और शाहपुर थानाध्यक्ष सहित एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।
