April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार में अब पत्रकारों को नीतीश कुमार की सौगात, मासिक पेंशन राशि 6 हजार से बढ़ाकर 15 हजार करने का ऐलान

नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब पत्रकारों की सुध लेते हुए उनके लिए बड़ी राहत भरा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत पात्र पत्रकारों को मिलने वाली मासिक पेंशन राशि को 6 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने का ऐलान किया है। इसी के साथ सरकार ने यह घोषणा भी की है कि पेंशन पाने वाले किसी पत्रकार की मृत्यु के बाद उसके आश्रित को 3 हजार की बजाय अब हर महीने 10 हजार रुपए पेंशन मिलेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर इस संबंध में जानकारी दी है।

सीएम ने लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों की पेंशन राशि को बढ़ाकर 15 हजार प्रतिमाह कर दिया गया है। उनकी मृत्यु होने की स्थिति में आश्रित पति/ पत्नी को जीवनपर्यन्त प्रतिमाह 3 हजार रुपए की जगह 10 हजार रुपए की पेंशन राशि दिए जाने का निर्देश दिया है। लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और सामाजिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों की सुविधाओं का हमलोग शुरू से ख्याल रख रहे हैं ताकि वे निष्पक्ष होकर अपनी पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के उपरांत सम्मानजनक तरीके से अपना जीवन-यापन कर सकें।

इससे पहले नीतीश कुमार वृद्ध और दिव्यांगजनों के साथ विधवा महिलाओं की पेंशन राशि में पहले ही बढ़ोत्तरी का ऐलान कर चुके हैं। आम जनता को राहत देते हुए 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की भी सीएम ने हाल ही में घोषणा की है। इसके अलावा राज्य की सरकारी नौकरियों में प्रदेश की मूल निवासी महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण भी लागू किया गया है, पहले इस आरक्षण का लाभ किसी भी प्रदेश की महिला को मिलता था। मगर अब यह सुविधा सिर्फ बिहार की महिलाओं के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *