April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘मुझे जूते से पीटा’, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के ओएसडी ने सीएम सिद्धारामैया के विशेष कार्याधिकारी पर लगाया आरोप

नई दिल्ली। कर्नाटक में सिद्धारामैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के बीच सीएम पद को लेकर खींचतान की खबरें आती रहती हैं। हालांकि, दोनों ही नेता सार्वजनिक तौर पर इससे इनकार कर चुके हैं। अब दिल्ली के कर्नाटक भवन में सीएम सिद्धारामैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के विशेष कार्याधिकारियों (ओएसडी) के बीच हाथापाई का आरोप लगा है। डीके शिवकुमार के ओएसडी ने खुद को जूते से पीटे जाने का आरोप लगाकर जांच की मांग की है।

दैनिक हिंदुस्तान की खबर के मुताबिक दिल्ली के कर्नाटक भवन में सीएम सिद्धारामैया के विशेष कार्याधिकारी सी. मोहन कुमार और डीके शिवकुमार के विशेष कार्याधिकारी एच. अंजनेया के बीच विवाद हुआ। दोनों के बीच विवाद की वजह कर्नाटक भवन की कुछ महिला कर्मचारियों की ओर से डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के विशेष कार्याधिकारी के बारे में शिकायत थी। बताया जा रहा है कि इस पर सीएम सिद्धारामैया के ओएसडी सी. मोहन कुमार ने एच. अंजनेया से बात की और माहौल गर्मा गया। दोनों अफसरों के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं होने की खबर है।

इसके बाद शिवकुमार के ओएसडी एच. अंजनेया की तरफ से कर्नाटक की चीफ सेक्रेटरी शालिनी रजनीश से शिकायत की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सिद्धारामैया के विशेष कार्याधिकारी ने उनको जूते से पीटा। शिकायत में ये भी कहा गया है कि सी. मोहन कुमार पहले भी एक शख्स से हिंसक व्यवहार कर चुके हैं। डीके शिवकुमार के ओएसडी एच. अंजनेया ने अपनी शिकायत में कहा है कि अगर उनके साथ कोई हादसा होता है, तो सी. मोहन कुमार इसके जिम्मेदार होंगे।

इस मामले में महिला कर्मचारियों ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया से शिकायत की है। सीएम सिद्धारामैया ने चीफ सेक्रेटरी से कहा है कि वो इन आरोपों की जांच कर जरूरी कार्रवाई करें। इससे साफ है कि मामला शांत होने की जगह और गर्मा सकता है। इस मामले में कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की ओर से अब तक कुछ नहीं कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *