बिहार के सरकारी स्कूलों में अब हर शनिवार को हाफ डे, शिक्षा मंत्रालय ने जारी किया आदेश
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ऐलान के बाद हर शनिवार को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में हाफ डे हो जाया करेगा। इस संबंध में शिक्षा मंत्रालय के द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों का समय शनिवार को सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक होगा। कक्षा 1 से 8 के छात्र छात्राओं की छुट्टी मध्याह्न भोजन के बाद दोपहर 12.40 बजे होगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के स्टूडेंट्स की छुट्टी दोपहर 1 बजे की जाएगी। यह व्यवस्था शनिवार 8 अगस्त 2026 से लागू होगी।
वहीं सोमवार से शुक्रवार तक स्कूलों की टाइमिंग पहले की तरह ही सुबह 9.30 बजे से सायं 4.00 बजे तक रहेगी। इस आदेश में शिक्षकों के लिए भी दिशा निर्देश हैं। इसके अनुसार, प्रतिदिन नियमित कक्षा की समय सीमा खत्म होने के बाद शिक्षकों को 1 घंटा विद्यालय में ही रुकना होगा। इस दौरान शिक्षक और शिक्षिकाएं अगले दिन एवं सप्ताह के लिए पाठ्य योजनाएं, मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी अद्यतन, स्टूडेंट्स के होर्म की चेकिंग और प्रयोगशाला प्रबंधन का कार्य करेंगे। इसके बाद ही शिक्षक और शिक्षिकाएं विद्यालय से प्रस्थान करेंगे। बता दें कि कई साल पहले भी बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को हाफ डे होता था, बाद में इस व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया था।
टीचर्स के ट्रांसफर को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि प्रदेश में कई ऐसे विद्यालय हैं जहां स्वीकृत पदों या छात्रों के अनुपात की तुलना में अधिक शिक्षक पोस्टेड हैं। इन सरप्लस टीचर्स के ऐच्छिक ट्रांसफर के आवेदन पहले चरण में मांगे गए हैं। च्वाइस ट्रांसफर के लिए 1,06,287 शिक्षकों को आवेदन करना था, जिसमें से 73,151 शिक्षकों ने आवेदन दिया है। जिन शिक्षकों ने किसी वजह अभी तक आवेदन नहीं किया वो 17 सितंबर से अपने ट्रांसफर के लिए फिर से आवेदन दे सकते हैं। 31 अक्टूबर तक च्वाइस ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
