August 7, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाक पीएम शहबाज शरीफ क्या होंगे सत्ता से बेदखल? मोहसिन नकवी ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

नई दिल्ली। पाकिस्तान की सियासत में इस वक्त कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सत्ता से बेदखल किया जा सकता है। दरअसल गृहमंत्री मोहसिन नकवी पिछले कुछ समय से लगातार सरकार की खामियों को सरेआम उजागर कर रहे हैं, इस तरह से उन्होंने एक प्रकार से अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इससे उनके और शहबाज शरीफ के बीच संबंधों में कड़वाहट की खबरों को बल मिला है और ऐसी अटकलें लगने लगी हैं कि क्या पाकिस्तान की आर्मी एक बार फिर देश की कमान अपने हाथ में लेने जा रही है।

नकवी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शहबाज सरकार को घेरते हुए कहा है कि जजों से लेकर नौकरशाह, राजनेता और बैंकर तक सभी इसमें शामिल रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने हर जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की भी बात कही है। हालांकि उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त किसी का भी नाम उजागर नहीं किया है लेकिन इतना जरूर बताया है कि शायद ही पाकिस्तान के इतिहास में इससे बड़ा घोटाला हुआ हो। इससे पहले नकवी ने पहले पाकिस्तान की शासन व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त करार दिया था। उन्होंने कहा था कि हम ऐसे सिस्टम में रह रहे हैं जहां समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।

नकवी को पाकिस्तानी सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का करीबी माना जाता है। इसी वजह से यह अटकलें लग रही हैं कि कहीं आसिम मुनीर का प्लान शहबाज को हटाकर सत्ता अपने हाथ में लेने का तो नहीं है? या ऐसा भी हो सकता है कि शहबाज की जगह नकवी को पीएम बना दिया जाए। हालांकि इस पूरे मुद्दे पर फिलहाल शहबाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की तरफ से किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उधर, पीओके में पहले ही पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *