बोकारो। झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार हो रही हैं। झारखंड में इस साल अगस्त तक रेप के 118 केस दर्ज हुए थे। अब रेप का ताजा मामला बोकारो में हुआ है। बोकारो के गोमिया थाना इलाके के तेतरियाटांड़ में 14 साल की नाबालिग को अगवा कर रेप किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने नाबालिग की फोटो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी डाल दी। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने रेप केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बच्ची की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 23 अक्टूबर की शाम बेटी बगल के गांव में अपनी दादी के यहां पारिवारिक कार्यक्रम में गई थी। रात में घर लौटते वक्त आरोपी युवक ने कथित तौर पर बच्ची को अगवा कर लिया। फिर जबरन चंद्रपुरा ले जाकर रेप किया। रेप के बाद आरोपी ने बच्ची की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डाल दी। सोशल मीडिया पर बच्ची की फोटो दिखने के बाद बच्ची के परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली। रेप पीड़ित की मां ने शिकायत में कहा है कि परिजन इसके बाद आरोपी के घर गए। जहां से बच्ची मिली।
गोमिया थाने की पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पॉक्सो और आईटी एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज हुआ है। आरोपी को जेल भेजने के साथ ही पीड़ित बच्ची की फोटो सोशल मीडिया से हटाने की प्रक्रिया भी जारी है। झारखंड में रेप केस किस कदर होते हैं, ये इसी से पता चलता है कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के मुताबिक साल 2023 में रेप के 1221 मामलों की शिकायत पुलिस से की गई थी। जबकि, साल 2024 में राज्य में रेप के 1073 केस दर्ज हुए थे। जबकि, 2025 में जनवरी से मई तक ही 716 रेप केस दर्ज किए गए थे। रेप की लगातार घटनाओं पर रोक लगाने में झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की कोशिश ऐसे में नाकाफी साबित हो रही हैं।
