March 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नीतीश कुमार के बेटे निशांत के लिए फिर बैटिंग में जुटे जेडीयू के नेता

पटना। बिहार विधानसभा के इस साल चुनाव होने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते से नवंबर के मध्य तक बिहार विधानसभा के चुनाव कराए जाएंगे। बिहार विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए सत्तारूढ़ जेडीयू-बीजेपी-हम-एलजेपी यानी एनडीए गठबंधन जोर लगा रहा है। वहीं, आरजेडी-कांग्रेस और कुछ अन्य दलों का महागठबंधन सत्ता में आने के लिए पूरा दम लगाए हुए है। इन सबके बीच जेडीयू में एक बार फिर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के पक्ष में नेताओं ने बैटिंग शुरू कर दी है। पहले भी जेडीयू के कई नेताओं ने निशांत कुमार के लिए कहा था कि उनको बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहिए।

नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री ज़मा खान मंगलवार को निशांत कुमार के पक्ष में बैटिंग करते दिखे। ज़मा खान ने कहा कि निशांत कुमार को बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहिए। वहीं, बिहार के नालंदा से जेडीयू के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने न्यूज-18 चैनल से बातचीत में कहा कि निशांत कुमार अच्छे और पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के सांसद ने आगे कहा कि जनता भी चर्चा कर रही है कि निशांत कुमार को बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ना और आगे बढ़ना चाहिए। जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने इसके साथ ही कहा कि निशांत कुमार को नालंदा की इस्लामपुर सीट से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए। अगर निशांत कुमार इस्लामपुर से चुनाव लड़ेंगे, तो जनता उनको जिताकर बिहार विधानसभा भेजेगी।

निशांत कुमार को बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का सुझाव जेडीयू के नेता देते रहे हैं। कुछ दिन पहले निशांत कुमार के पक्ष में पटना में बड़े होर्डिंग भी लगाए गए थे। वहीं, निशांत कुमार ने अब तक कभी ये नहीं कहा कि राजनीति में आने की उनकी इच्छा है। निशांत कुमार ने ये बयान जरूर दिया था कि बिहार की जनता से वो आग्रह करते हैं कि एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में वो सरकार बनाने के लिए वोट करें। खास बात ये भी है कि नीतीश कुमार ने अब तक बेटे निशांत कुमार को सियासत से दूर ही रखा है। इसी वजह से नीतीश कुमार पर कभी भी परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप कोई नहीं लगा सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *