July 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नरेंद्र मोदी के अपमान पर पटना में बवाल, बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त भिड़ंत, चली लाठियां

नई दिल्ली। कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आज पटना के कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, इस दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आपस में जबर्दस्त तरीके से भिड़ंत हो गई। दोनों तरफ से ईंट पत्थर चलाए गए और एक दूसरे पर लाठियां बरसाई गईं। इस घटना में कांग्रेस और बीजेपी के कुछ कार्यकर्ता घायल भी हुए हैं, कुछ का सिर फूटने की जानकारी मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया जिसके लिए हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ बीजेपी पर आरोप लगाया गया है कि उसके कार्यकर्ता जबर्दस्ती करते हुए कांग्रेस कार्यालय के अंदर घुसे और वहां पर तोड़फोड़ की। साथ ही वहां खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत की इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि आज ही दरभंगा पुलिस ने पीएम मोदी को गाली देने वाले मोहम्मद रिजवी को गिरफ्तार किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाली जा रही है। इसमें तेजस्वी यादव समेत विपक्षी दलों के अन्य नेता भी शामिल हो रहे हैं।

वोटर अधिकार यात्रा कल दरभंगा पहुंची थी जिसके स्वागत के लिए वहां पर मंच  लगाया गया था और उसी मंच से मोहम्मद रिजवी ने माइक पर पीएम मोदी की दिवंगत मां के लिए बहुत ही अभद्र और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। उधर गृहमंत्री अमित शाह ने इसकी निंदा करते हुए कहा था कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है। इन्होंने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। यह हर मां और हर बेटे का अपमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *