August 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आतंकी गतिविधियों में संलिप्त बंगाल का युवक बेंगलुरु से गिरफ्तार, TTP के संपर्क में था

नई दिल्ली। बेंगलुरु पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (टीटीपी) के एक सदस्य के लगातार संपर्क में था और उसने अफगानिस्तान जाने का प्लान भी बनाया था। आरोपी का नाम आसफुल मल्लिक और उसकी उम्र लगभग 25 साल है। वो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नौपारा गांव का रहने वाला है। दिसंबर 2025 से वो बेंगलुरु के जिगानी औद्योगिक क्षेत्र में टाटा एडवांस्ड लिमिटेड में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा है और वहीं एपीसी सर्कल के पास रह रहा था। बेंगलुरु पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है।

पुलिस आसफुल मल्लिक के मोबाइल फोन से मिली चैट, वॉयस रिकॉर्डिंग आदि की जांच कर रही है ताकि उसके संपर्कों का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार आसफुल मल्लिक ने सोशल मीडिया के माध्यम से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े अफगानिस्तान के इमरान हैदर नाम के शख्स से संपर्क साधा था। पुलिस के मुताबिक वो पाकिस्तान में मस्जिदों और आम लोगों पर हुए हमलों को लेकर नाराज था। साथ ही साथ इजरायल और फिलिस्तीन के मुद्दे पर पाकिस्तान सरकार के रुख को लेकर भी उसके मन में भारी गुस्सा था। इस वजह से वो अफगानिस्तान जाकर पाकिस्तान की सेना के खिलाफ लड़ाई में शामिल होना चाहता था।

पुलिस ने दावा किया है कि मुसलमानों की परेशानी को लेकर आरोपी मल्लिक का ब्रेनवॉश किया गया और जवाबी कार्रवाई के लिए उकसाया जा रहा था। उससे यह कहा जा रहा था कि अगर भारत में किसी मुसलमान को परेशानी हो तो वो इसके खिलाफ जवाबी हमला करे। आरोप है कि मल्लिक ने अफगानिस्तान जाने के लिए इमरान हैदर से मदद मांगी थी और वीजा के लिए आवेदन किया था। हालांकि उसने पुलिस को पूछताछ में यह बताया आर्थिक तंगी और परिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उसने बाद में यह योजना छोड़ दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *