डॉन अतीक अहमद के चचेरे भाई समेत परिवार के छह पर एफआईआर, मुस्लिम से हिंदू बने शख्स को धमकी देने का आरोप
प्रयागराज। माफिया डॉन रहे अतीक अहमद के चचेरे भाई हमजा और छह अन्य पर प्रयागराज जिले के घूरपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रयागराज के सारंगपुर गांव में रहने वाले सलीम अंसारी साल 2024 में धर्म परिवर्तन कर वेदव्रत शुक्ला बन गए थे। वेदव्रत ने पुलिस में शिकायत दी थी हमजा और एक महिला समेत छह लोगों ने धमकी दी है। वेदव्रत का एक कथित वीडियो भी जारी हुआ। जिसमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
वेदव्रत का आरोप है कि अतीक के भाई हमजा और उसके परिवार के लोगों ने किराए का कमरा खाली करने के लिए कहने पर दबाव डाला और धमकी दी। वेदव्रत शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने अपने मकान का कमरा रेशमा बेगम को किराए पर दिया था। उनका आरोप है कि रेशमा किराया नहीं दे रही थी। जिसकी वजह से कमरा खाली करने के लिए कहा। वेदव्रत का आरोप है कि हमजा, उसके तीनों बेटों, भानजे और बहन विटोला ने इस पर जान से मारने की धमकी दी।
प्रयागराज पुलिस ने बताया है कि कानपुर के निवासी सलीम अंसारी का परिवार घूरपुर थाना इलाके के सारंगपुर गांव आकर बसा था। पुलिस के मुताबिक सलीम अंसारी एक वकील की गाड़ी के ड्राइवर हैं। सलीम अंसारी ने अपनी मर्जी से 12 फरवरी 2024 को धर्म बदला था और वेदव्रत शुक्ला नाम रख लिया। उनके मकान में अतीक अहमद के चचेरे भाई हमजा की बहन रेशमा रहती थी। कमरा खाली कराने के मुद्दे पर रेशमा और देवव्रत में कहासुनी हुई। पुलिस ने रेशमा से कमरा खाली भी कराया है। वेदव्रत ने शिकायत में कहा है कि हमजा और उसके परिवार ने कहा कि काफिर बन गए हो। फिर वेदव्रत और उनकी मां की हत्या कर मकान पर कब्जा करने की धमकी दी। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की तीन युवकों ने 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज के अस्पताल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। अतीक और अशरफ को वकील उमेश पाल की हत्या के सिलसिले में पुलिस प्रयागराज लाई थी।
