शारजाह एंकरेज में पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर पर हमला, 22 भारतीय नाविक थे सवार
नई दिल्ली। यूएई के पास शारजाह एंकरेज में एक टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ है। पनामा के झंडे वाले इस ऑयल कार्गो MT GEM NO. 2 पर चालक दल के 22 भारतीय नाविक सवार थे। हालांकि जहाज पर मौजूद सभी भारतीय पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह घटना 9 अक्टूबर की है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अपने नाविकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए हम जहाज प्रबंधन कंपनी के संपर्क में है।
MT GEM NO. 2 ऑयल टैंकर को किसने निशाना बनाया इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। वहीं इस घटना के बाद समुद्री जहाजों के सुरक्षित आवागमन और नाविकों की सुरक्षा का मामला और गंभीर हो गया है। पिछले कुछ समय से समुद्री जहाजों पर अटैक की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अभी 6 अक्टूबर को पनामा के ही झंडे वाले कमर्शियल जहाज MT On Peace पर ओमान के तट के पास पर मिसाइल से हमला हुआ था। उस जहाज पर चालक दल के 19 सदस्य सवार थे जिसमें से 17 भारतीय नागरिक थे। उस अटैक में 11 भारतीयों को मिलाकर क्रू के कुल 12 सदस्य घायल हो गए थे।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा था कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए। भारत ने खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को रोकने की अपनी मांग दोहराई थी। पिछले हफ्ते भी होर्मुज जलडमरूमध्य में कुवैत के झंडे वाले ऑयल टैंकर ‘MT Kazimah III’ पर प्रोजेक्टाइल अटैक हुआ था। उस जहाज पर चालक दल के पांच भारतीय नागरिक सवार थे। गनीमत यह रही कि क्रू का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ था।
