October 6, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी में सीट बंटवारे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नाम लिए बगैर कांग्रेस को दी ये नसीहत

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव कुछ महीनों में होने वाले हैं। इससे पहले यूपी में विधानसभा सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस और उसकी सहयोगी समाजवादी पार्टी के बीच खूब बयानबाजी हो रही है। इस बयानबाजी के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में सीटों के बंटवारे पर अपनी बात साफ तौर पर कहते हुए बिना नाम लिए कांग्रेस को नसीहत भी दी है। अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि ये बड़ी बात नहीं कि गठबंधन में कितनी या कौन सी सीट किसके पास जा रही। अखिलेश यादव ने लिखा है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो। उन्होंने बोल्ड लेटर्स में लिखा- बात सीट की नहीं जीत की है। देखिए अखिलेश यादव ने और क्या लिखा।

दरअसल, बीते दिनों यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा था कि उनकी पार्टी को यूपी विधानसभा की 403 में से आधी सीटें मिलनी चाहिए। गौतम ने ये भी कहा था कि किसी भी सूरत में कांग्रेस 150 सीट से कम पर नहीं लड़ेगी। वहीं, कांग्रेस ने सांसद इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। इमरान मसूद भी सीट बंटवारे के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे हैं। राजेंद्र गौतम के बयान के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल ने पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक हैसियत देखनी चाहिए कि उसके कितने सांसद और विधायक हैं। समाजवादी पार्टी सांसद ने ये भी कहा था कि अगर यूपी में कांग्रेस को 50 सीट भी दी जाएं, तो ये भी ज्यादा होगा।

बता दें कि साल 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अलग-अलग लड़े थे। कांग्रेस को सिर्फ 2 विधानसभा सीट पर जीत मिली थी। जबकि, समाजवादी पार्टी ने 111 सीट पर जीत हासिल की थी। फिर 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने विपक्षी दलों को साथ लेकर इंडी गठबंधन बनाया। समाजवादी पार्टी इसका हिस्सा बनी। दोनों ने मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा। जिससे यूपी में कांग्रेस को 6 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल हुई। जबकि, समाजवादी पार्टी ने 37 सीट पर जीत दर्ज की थी। अब दोनों दलों के नेता जिस तरह सीट बंटवारे पर बयानों की जंग लड़ रहे, उसमें अखिलेश यादव का ताजा बयान और नसीहत बहुत मायने रखने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *