इन 18 राज्यों में रहते हैं तो भारी बारिश के लिए रहिए तैयार, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के भी आसार
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में आंधी और आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी यूपी में भी 11 अक्टूबर तक बारिश होगी। जबकि, पूर्वी यूपी में आज से 10 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिर सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि मध्य प्रदेश में 10 और 11 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में आज से 10 अक्टूबर तक पानी बरस सकता है। वहीं, महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में भी आज और कल बारिश और तूफान की स्थिति बनने के आसार हैं। बिहार में 6 से 9 अक्टूबर और उसके बाद 8 से 10 अक्टूबर तक बारिश होगी। पश्चिम बंगाल के गंगातटीय इलाकों में आज और फिर 10 और 11 तारीख को बारिश के आसार हैं। पहाड़ी राज्य सिक्किम भी बारिश से भीगेगा। ओडिशा में भी आज से 11 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। यहां भी आंधी आ सकती है।
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, यनम और रायलसीमा में भी बारिश होगी। जबकि, गोवा और कोंकण के इलाकों में भी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण 10 अक्टूबर तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। बता दें कि इस साल मॉनसून के सीजन में अल-नीनो असर की वजह से औसत से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अल-नीनो का असर अगले साल के मध्य तक देखने को मिलेगा। अल-नीनो के दौरान जमीन के मुकाबले समुद्र का पानी ज्यादा गर्म हो जाता है।
